
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 28 नवम्बर। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले मे न्याय की मांग को लेकर परिजनों का धैर्य अब जवाब दे गया है। सरकार को दी गई 26 नवंबर की डेडलाइन खत्म होने के बाद परिवार ने शुक्रवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दिया है। पहले परिवार घर के बाहर अनशन पर बैठा। बाद मे सभी एन एच 922 गोलंबर के पास धरना पर बैठ गये। भरत तिवारी की मां आशा देवी, भाई चंदन तिवारी, भाभी सुमन देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य धरना पर बैठे हैं। धरना स्थल पर मां आशा देवी के हाथ मे पेट्रोल और माचिस देखकर प्रशासन मे भी हड़कंप मच गया। आशा देवी ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर वादा खिलाफी का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार पर भरोसा करके उन्होंने 5 महीने से ज्यादा इंतजार किया, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिला तो वे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना मे शामिल लोग उन्हें धमका भी रहे हैं। परिवार का कहना है कि मामले मे अब तक सिर्फ एसटीएफ के सिपाही अक्षय की ही गिरफ्तारी हुई है जबकि बाकी आरोपी आजाद घूम रहे हैं। परिवार की मांग है कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाय। पूरे मामले की एसआईटी से निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को फांसी की सजा दी जाय। इधर, अनशन पर बैठे भरत तिवारी के परिवार से मिलने के लिए पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव अनशन स्थल पर पहुँचे। उन्होंने आशा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी के परिजनों को अब तक न्याय नहीं मिलना परिवार के साथ धोखा है। इस लड़ाई मे पूरा देश परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए परिवार के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने सांसद मनोज तिवारी पर भी परिवार के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जिन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है, उन्हे तत्काल गिरफ्तार किया जाय। गौरतलब है कि 17 जून 2026 को भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गाँव मे हुए एनकाउंटर मे भरत तिवारी की मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि हथियार फेंक देने के बाद भी पुलिस ने उन्हें गोली मार दी। तभी से परिवार न्याय की मांग कर रहा है। एनएच पर पुलिस प्रशासन, बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह, सीओ आनंद प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। पदाधिकारियों ने परिजनों को समझा कर एनएच से घर पर बैठाया और कहा कि न्याय जरूर मिलेगा। भरत तिवारी की माॅ आशा देवी, पिता काशीनाथ तिवारी सहित परिजनों का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा लड़ाई अनवरत चलती रहेगी। सभी परिवार भी जान दे देगें। एनएच जाम से आवागमन को लेकर लोगों को काफी दिक्कत व परेशानी उठानी पङी।
