संगोष्ठी द्वारा युवाओं को जल संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक।
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)28 मार्च।आज गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत भोजपुर में संगोष्ठी आयोजित कर युवाओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
जिला गंगा समिति, भोजपुर द्वारा National Mission for Clean Ganga के निर्देशानुसार “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026” के अंतर्गत “आओ गंगा को जानें एवं जल संरक्षण” विषय पर महिला महाविद्यालय, आरा में संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति भोजपुर के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।
संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य युवाओं के बीच गंगा नदी की स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा इस दिशा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। वक्ताओं ने युवाओं से अपील की कि वे गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
इस अवसर पर नमामि गंगे के जिला परियोजना पदाधिकारी ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से देश में जल की वर्तमान स्थिति, पूर्व स्थिति तथा भविष्य की संभावित चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय रहते जल संरक्षण के लिए ठोस प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाले समय में जल संकट गंभीर रूप ले सकता है।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति के समन्वयक ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है।
National Service Scheme की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुधा निकेतन रंजनी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में व्यापक जन-जागरूकता लाने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. अंजु कुमारी, डॉ. अवधेश, डॉ. अनुपमा, अमरजीत मिश्रा, राघवेंद्र नारायण विकास, डॉ. प्रीति, डॉ. सरोज देवी, डॉ. रश्मि एवं डॉ. विजय बहादुर शामिल थे।



