
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )27 अक्टूबर। जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक, भोजपुर श्री अवधेश दीक्षित द्वारा आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के अनुपालन तथा आमजन के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी द्वारा परिवहन एवं पुलिस विभाग के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से नियमित वाहन जाँच अभियान चलाने तथा तेज गति एवं गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन परिचालन, वाहन चलाते समय मोबाइल के उपयोग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निदेश दिए गए।
जिलाधिकारी द्वारा दुर्घटना संभावित स्थलों एवं चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधार करने, संकेतक एवं परावर्तक लगाने, क्षतिग्रस्त सड़कों से उत्पन्न जोखिमों को दूर करने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण एवं गलत ढंग से यू-टर्न लेने के कारण उत्पन्न जाम की समस्या के समाधान हेतु संबंधित विभागों के समन्वय से कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संबंधित पदाधिकारियों को पीड़ित परिवारों के मुआवजा संबंधी मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने के निदेश दिए गए। साथ ही वाहन चालकों के प्रशिक्षण, विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन, भोजपुर, नगर आयुक्त, नगर निगम आरा, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित कार्यपालक अभियंता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
