
RKTV NEWS/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)22 मार्च।विश्व जल दिवस-सह-जल महोत्सव पखवाड़ा के समापन कार्यक्रम समाहरणालय सभागार में आयोजित किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जल जीवन का आधार है और भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल के दुरुपयोग को रोकने तथा जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण अभियान को मजबूत करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिले में बेहतर कार्य करने वाले जलसहियाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा जनजागरूकता में जलसहियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने जल संरक्षण की शपथ ली तथा दैनिक जीवन में जल बचाने के उपाय अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जल संरक्षण से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर सहित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर 08 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जल संरक्षण, जल के समुचित उपयोग तथा योजनाओं के बेहतर रख-रखाव पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने “विश्व जल दिवस” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जलसहियाओं को ग्रामीणों को नियमित रूप से जल शुल्क जमा करने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया, ताकि जलापूर्ति योजनाओं का सतत संचालन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही उन्होंने भविष्य में पूर्ण होने वाली जल जीवन मिशन योजनाओं के सफल संचालन एवं रख-रखाव हेतु बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मुखियागण एवं जलसहियाओं ने अपने-अपने पंचायत एवं गांवों में संचालित नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन, अनुभव एवं योगदान को साझा किया।
इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया एवं जलसहियाओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जमशेदपुर द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड वाश समन्वयक, मुखिया एवं जलसहिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

