व्यावसायिक उपयोग पाये जाने पर 35 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 105 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त।
इंदौर/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद) 11 मार्च। इंदौर जिले में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की रोकथाम के लिए विशेष मुहिम प्रारंभ की गई है। इस मुहिम के तहत घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने इस कार्रवाई के लिए तीन विशेष दलों का गठन किया है। जिला आपूर्ति नियंत्रक एम. एल. मारू ने बताया कि इन दलों द्वारा आज सुबह से ही जांच की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। दल प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक लगातार विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति पर निगरानी रखेंगे। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जहां भी घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया जाएगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। आज सुबह से चलाए गए अभियान के तहत तीनों दलों ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की। अब तक करीब 35 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 105 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

