
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 30 अक्तूबर। भोजपुर जिला के शाहपुर स्थित निर्मला शिक्षा भवन के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है जो शाहपुर ही नहीं बल्कि भोजपुर जिले के लिए गर्व की बात है। उत्तराखंड के हरिद्वार मे वंदना कटारिया स्टेडियम मे 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित 19वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ग्रेपलिंग चैंपियनशिप मे विद्यालय के पांच खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया जिस मे से चार ने रजत पदक जीतकर अपने विद्यालय के साथ-साथ जिले का नाम रोशन किया। 19वें जीएफआई नैशनल ग्रैपलिंग चैंपियनशिप मे विद्यालय के प्रबल प्रताप सिंह, अभय प्रताप सिंह, कुमारी प्रज्ञा, कुमारी सृष्टि एवं स्मिता कुमारी ने भाग लिया था। इनमें से चार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार मे हर्ष का माहौल है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सिस्टर निर्मला सीजे और उप प्रधानाध्यापिका सिस्टर चेतना सीजे ने कहा कि यह बच्चों की कड़ी मेहनत और खेल प्रशिक्षिका मिस रानी राज के कुशल प्रशिक्षण का परिणाम है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सिस्टर निर्मला सीजे ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
