
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड )15 फरवरी।राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड, राँची द्वारा निर्गत आदेश के आलोक में गढ़वा जिला अंतर्गत तीनों नगर निकायों में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 संपन्न कराया जाना है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी(नगरपालिका)-सह-उपायुक्त दिनेश यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार गढ़वा नगर परिषद (वर्ग-ख), श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत एवं मझिआंव नगर पंचायत में अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद हेतु मतदान दिनांक 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड, रांची की अधिसूचना के अनुसार नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के अवसर पर गढ़वा जिला के उपर्युक्त सभी नगर निकाय क्षेत्रों में दिनांक 23 फरवरी 2026 को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 की धारा 25 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। अतः संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में अवस्थित सभी सरकारी कार्यालय/सार्वजनिक प्रतिष्ठान उक्त तिथि को बंद रहेंगे।
उपायुक्त ने आम मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें।
