
आरा/भोजपुर( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)07 फरवरी।भोजपुर जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देशन में 9वीं बटालियन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) द्वारा फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज (FAMEx) का आयोजन किया जा रहा है। यह अभ्यास दिनांक 02 फरवरी 2026 से 16 फरवरी 2026 तक जिले में संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज आगिआंव प्रखंड के प्रशासनिक भवन में स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 140 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें 50 छात्र, 80 छात्राएं एवं 10 शिक्षक शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ टीम द्वारा प्राथमिक उपचार (PHT) से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन किया गया।
इसमें चिकित्सीय आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता, रक्तस्राव नियंत्रण, सीपीआर, आकाशीय बिजली एवं वज्रपात से बचाव, सर्पदंश, एफबीएओ (FBAO) तथा बाढ़, भूकंप एवं अन्य आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत से संबंधित तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
साथ ही, एनडीआरएफ टीम द्वारा जिले के आपदा-संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर निर्धारित प्रारूप के अनुसार आवश्यक जानकारियाँ भी संकलित की गईं।
कार्यक्रम में सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी राहुल भूषण सहित 9वीं बटालियन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम उपस्थित रही।
