नारनौल/महेंद्रगढ़ 22 अगस्त। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि वर्ष 2047 तक भारत की आजादी के 100 साल पूरे होने पर हमारा देश फिर से विश्व गुरु बने। इसी उद्देश्य से मेरी माटी मेरा देश अभियान पूरे देश में चलाया है। यादव आज नसीबपुर स्थित शहीद स्मारक पर हरियाणा उदय के तहत आयोजित ‘मेरी माटी मेरा देश’ ‘मिट्टी को नमन-वीरों का वंदन’ देश के वीरों व शहीदों को समर्पित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। इस मौके उन्होंने शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को नमन किया। इससे पहले नसीबपुर में स्थित शहीद लाल सिंह की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही शिलाफलकम पर पुष्पांजलि अर्पित किए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय धुन के साथ तिरंगा फहराकर की गई।
कार्यक्रम में मौजूद स्वतंत्रता सेनानियों व वीर शहीदों के परिजनों तथा वीरता पुरस्कार और पूर्व सैनिकों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि आज यह देश हमारे इन्हीं जांबाजों की बदौलत सुरक्षित है। हम सब ऐसी माताओं की कोख को सलाम करते हैं जिनके सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर करके हमें सुरक्षित रखा।
श्री यादव ने कहा कि युवाओं को हमारे पूर्वजों तथा वीर सैनिकों के बलिदान को याद दिलाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करवाए जाते हैं ताकि युवा पीढ़ी उनके बलिदान व समर्पण को याद रखें।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार शहीदों व सैनिकों के परिजनों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। शहीदों के सम्मान में सरकार हमेशा आगे रही है। नसीबपुर स्थित शहीद स्मारक के निर्माण के लिए हरियाणा सरकार ने 25 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। यहां पर 5.5 एकड़ में बहुत बड़ा भव्य शहीद स्मारक बनेगा। यह शहीद स्मारक बहुत बड़े त्याग व बलिदान का सूचक है 1857 में राव तुलाराम के नेतृत्व में यहां पर एक ही दिन में 5 हजार से अधिक सैनिकों ने अपनी शहादत दी थी। दुनिया में ऐसी मिसाल कहीं भी नहीं मिलती। उन्होंने 13 कुमाऊं रेजिमेंट की बहादुरी का जिक्र करते हुए कहा कि इस देश में वीरता के किस्से भरे पड़े हैं जिसमें दुश्मन सेना ने भी हमारे वीरों की बहादुरी का जिक्र किया है।
यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर दृष्टि से आगे बढ़ रहा है। आज भारत देश सुरक्षा, आर्थिक, शिक्षा, साइंस व तकनीक में पूरी दुनिया में अहम स्थान पर है। चंद्रयान जैसे मिशन कामयाबी के नजदीक हैं। इस पर हमें गर्व और गौरव है कि भारत इस मिशन को पूरा करने वाला दुनिया के 3 देशों में शामिल हो जाएगा।
इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कार्यक्रम में मौजूद स्वतंत्रता सेनानियों व वीर शहीदों के परिजनों तथा वीरता पुरस्कार प्राप्त और पूर्व सैनिकों को वसुधा वंदन के तहत पौधा देकर सम्मानित किया। सभी नागरिकों ने पंचप्रण की शपथ भी ली।
इस मौके पर उपायुक्त मोनिका गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह, सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट सोहेल लियाकत, स्क्वाड्रन लीडर अंजू गहलोत, एसडीएम मनोज कुमार, नगराधीश डॉ मंगल सैन, इतिहासकार जसवंत सिंह प्रभाकर, सुरेश चौधरी के अलावा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।शहीद स्मारक नसीबपुर में ‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम में उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने अपने ही अंदाज में किसी मशहूर कवि की कुछ लाइनों के साथ वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने श्रृद्धा सुमन अर्पित हुए कहा कि
…जिस दिन तू शहीद हुआ
न जाने उस रात तेरी माँ
कैसे सोई होगी…
मैं तो बस इतना जानू
की, वो ‘गोली’ भी..
तेरे सीने में उतरने से पहले रोई होगी।।
उन्होंनेे कहा कि मैं उन माताओं को सलाम करती हूं जो अपने बच्चों को सेना में भेजने का साहस रखती हैं। साथ ही उन पत्नियों, उन बच्चों और उन बहनों के साहस की भी सराहना करती हूं जो अपने प्रियजनों से इतनी दूर रहकर जीवन व्यतीत करते हैं।
शहीद स्मारक नसीबपुर में आयोजित मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में मॉडल संस्कृति स्कूल के बच्चों ने देश भक्ति व वीर रस से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समा बांधा। देश के वीरों को समर्पित इस कार्यक्रम में उन्होंने हरियाणा के वीरों की वीरता का बखान किया। वहीं नेत्रहीन कन्या विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत से आगंतुकों का स्वागत किया।
मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट सोहेल लियाकत ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित किए जाते हैं। हमारे देश के युवा हमेशा देश की रक्षा के लिए तैयार रहते हैं। इस देश के लिए न जाने कितनी बहनों ने अपने सुहाग को खोया है, कितने ही बच्चों के सिर से साया उठ गया है। यह देश ऐसे महान सेनानियों का हमेशा सम्मान करता है। इस तरह के कार्यक्रम से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। हमारे वीर सेनानी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
स्क्वाड्रन लीडर अंजू गहलोत ने मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि भारत माता के लिए देश का हर नागरिक हौसले व जज्बे लबरेज रहता है। इस देश की मिट्टी में ऐसे संस्कार है कि देश का युवा अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए हमेशा तैयार रहता है। इस देश का भविष्य गौरवशाली रहेगा। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे सेना में जाने के लिए बेटियों को हौसला प्रदान करें। आज बेटियां भी हर मुकाम पर पहुंच रही है।
