
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)15 जुलाई।चतरा जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए जनता दरबार की नियमित व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में दिनांक 15 जुलाई 2025 (मंगलवार) को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से बड़ी संख्या में आम नागरिक पहुंचे और अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि जनता को उनकी समस्याओं का समाधान निकटतम और सुलभ स्तर पर मिल सके।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज और म्यूटेशन से जुड़ी समस्याएं, राशन कार्ड निर्गमन, नाम व विवरण सुधार तथा राशन वितरण में गड़बड़ी, पेंशन योजनाओं (वृद्धा, विधवा, दिव्यांग) से संबंधित लंबित मामलों का समाधान, प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) में नामांकन एवं भुगतान में देरी, स्वास्थ्य सेवा, इलाज, रेफरल और अस्पतालों में उपस्थिति से जुड़ी शिकायतें, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदनों पर विलंब, जल, सड़क, शौचालय जैसे बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सामुदायिक मुद्दे समेत अन्य मामले शामिल है।
उपायुक्त कीर्तिश्री ने कुछ गंभीर मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा अन्य मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की निगरानी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक प्राप्त आवेदन का समाधान व लंबित आवेदनों के कारण सहित की क्रमवार समीक्षा की जाएगी। ताकि पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनी रहे। जनता दरबार के दौरान जिला क्रीड़ा पदाधिकारी सह जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी तुषार रॉय भी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न आवेदनों को विधिवत दर्ज करते हुए आवश्यक संकलन एवं कार्यवाही प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया।
जनता दरबार का नियमित आयोजन
यह उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक समाहरणालय परिसर में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य है कि जिले के सभी वर्गों के लोगों को एक सीधे और सरल मंच मिले, जहाँ वे अपनी समस्या उपायुक्त स्तर पर रख सकें एवं उसका समाधान पा सकें।
उपायुक्त का संदेश
उपायुक्त कीर्तिश्री ने जनता दरबार में उपस्थित सभी नागरिकों को आश्वस्त किया कि: “प्रशासन जनता की सेवा और कल्याण हेतु प्रतिबद्ध है। जनता दरबार एक प्रभावी माध्यम है जहाँ हम आम नागरिकों की वास्तविक समस्याओं को सुनते हैं और समाधान सुनिश्चित करते हैं। मैं सभी विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा करती हूं कि वे प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और समय पर निस्तारण करें।”
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन, चतरा के सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे अपनी समस्या के समाधान हेतु तय तिथि को जनता दरबार में भाग लें तथा शासन से सीधे संवाद स्थापित करें। यह पहल शासन और आमजन के बीच विश्वास, संवाद एवं समाधान की नींव को और सशक्त बनाएगी।
