RK TV News
खबरें
Breaking News

बागपत:उप मुख्यमंत्री ने यूपीएस सिसाना का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध।

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प: स्थलीय निरीक्षण कर उप मुख्यमंत्री ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

उप मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद कर जानी शिक्षा की गुणवत्ता, सहायता पेटिका में पेन किया दान।

डिजिटल लाइब्रेरी से मिड डे मील तक सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर बच्चों के लिए शिक्षा का वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर।

RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)21 जनवरी।उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सिसाना स्थित पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट) का निरीक्षण कर शैक्षिक गुणवत्ता, नवाचार और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पीएम श्री विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और मूल्य आधारित शिक्षा देने का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गांवों के विद्यालय भी नवाचार, तकनीक और रचनात्मकता के केंद्र बनें।
विद्यालय पहुंचते ही उप मुख्यमंत्री ने सबसे पहले स्मार्ट क्लासरूम और ई-लाइब्रेरी का अवलोकन किया। डिजिटल बोर्ड, शिक्षण सामग्री और तकनीकी संसाधनों को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर पूछा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों की समझ और रुचि में कितना बदलाव आया है। शिक्षकों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से विषयों को समझाना बच्चों के लिए सरल और रोचक हुआ है, जिससे उपस्थिति और सीखने की गति में सुधार आया है।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर शिक्षा का गुणवत्ता स्तर परखा। कक्षा में बच्चों को पुस्तक पढ़वाकर देखा गया। यूवी, प्रिंसी एवं अन्य बच्चों ने बिना झिझक स्पष्ट उच्चारण और समझ के साथ पाठ पढ़ा। कुछ बच्चों ने कविताएं भी सुनाईं, जिन्हें सुनकर उप मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बच्चों से प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने सहजता और आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। उन्होंने स्वयं बच्चों के साथ डेस्क पर बैठकर पुस्तक पढ़वाई और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खूब पढ़ो, आगे बढ़ो।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मकता भी सामने आई। बच्चों ने स्वयं द्वारा बनाए गए क्राफ्ट और कलात्मक सामग्री प्रस्तुत की। उप मुख्यमंत्री ने इन प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा बनाई गई स्वागत रंगोली का भी उन्होंने अवलोकन किया।
विद्यालय में कक्षा 05 में स्थापित ‘सहायता पेटिका’ को देखकर उप मुख्यमंत्री विशेष रूप से प्रभावित हुए। यह पहल विद्यालय के शिक्षकों द्वारा शुरू की गई है, जिसमें जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए उपयोगी संसाधन एकत्र किए जाते हैं। इस मानवीय और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री ने स्वयं अपना पेन सहायता पेटिका में दान किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की लाइब्रेरी का भी अवलोकन किया। पुस्तकों की उपलब्धता, पठन-पाठन की व्यवस्था और बच्चों की रुचि को देखते हुए उन्होंने कहा कि पुस्तकालय किसी भी विद्यालय की आत्मा होता है। उन्होंने ई-लाइब्रेरी की व्यवस्था को सराहा, साथ ही खुले में रखे इनवर्टर को सुरक्षित ढंग से कवर कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री ने विद्यालय की रसोई और मिड डे मील व्यवस्था का निरीक्षण किया। रसोई में साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। मिड डे मील में मेनू के अनुसार ताहरी तैयार मिली।
उप मुख्यमंत्री ने बच्चों से भोजन के स्वाद और गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली। बच्चों ने संतोषजनक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने रसोई कर्मचारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता, समय और स्वच्छता पर निरंतर निगरानी रखी जाए
विद्यालय में कुल 376 विद्यार्थियों का नामांकन है, जिनमें से निरीक्षण के समय 257 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। विद्यालय में 12 शिक्षक और 2 शिक्षा मित्र तैनात हैं। उप मुख्यमंत्री ने उपस्थिति को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा विद्यालय पहुंचे, यह सुनिश्चित करना शिक्षकों, अभिभावकों और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के अंत में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय योजना का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक शिक्षा, तकनीक आधारित सीखने और संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे इसी उत्साह और नवाचार के साथ कार्य करते रहें, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
इस दौरान जिलाधिकारी अस्मिता लाल, बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता चौधरी, एसडीएम अमरचंद वर्मा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

Related posts

बागपत:एडीके जैन नेत्र अस्पताल के 6वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने दिया नेत्रदान का संदेश।

rktvnews

फिल्म ‘गुलमोहर’ तीन पीढ़ियों में परिवार और घर के प्रयोजन की पड़ताल करती है: निर्देशक राहुल वी. चित्तेला

rktvnews

पटना:माले ने जारी किया परिवर्तन संकल्प पत्र।

rktvnews

कृषि टास्क फोर्स की बैठक।

rktvnews

मध्यप्रदेश:02 अप्रैल को 13 अभ्यर्थियों ने भरा नाम निर्देशन पत्र,अब तक 21 अभ्यर्थियों ने भरे 27 नाम निर्देशन पत्र।

rktvnews

भोजपुर:पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर सिंह के विचारों के विपरीत है वर्तमान दौर की राजनीति: सांसद, सुधाकर सिंह

rktvnews

Leave a Comment