
RKTV NEWS/देवघर (झारखंड)19 दिसंबर।उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार देवघर नगर निगम द्वारा बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाज़ार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर की गई है, ताकि आम नागरिकों, राहगीरों एवं ज़रूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सके।
इसके अलावा नगर आयुक्त रोहित सिंह के निर्देश पर यह कार्य नगर निगम द्वारा निरंतर किया जा रहा है। उनके निर्देशानुसार रोड कूली हेड कन्हैया कुमार की देखरेख में अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ठंड के दौरान अलाव नियमित रूप से संचालित रहें।
नगर निगम द्वारा चकाई मोड़, जसीडीह चौक, सदर अस्पताल परिसर, सत्संग गेट के पास, टावर चौक, वीआईपी चौक, बैद्यनाथ धाम स्टेशन, झरना मोड़, राम मंदिर एवं सूचना भवन जैसे प्रमुख स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।
नगर निगम द्वारा यह भी कहा गया है कि आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर भी अलाव की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि शीतलहर से नागरिकों को अधिकतम राहत प्रदान की जा सके।
देवघर नगर निगम आम नागरिकों से अपील करता है कि वे अलाव का सुरक्षित उपयोग करें एवं नगर निगम कर्मियों को सहयोग प्रदान करें।
