
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड )01 अक्टूबर।
9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अवसर पर जिला समाज कल्याण विभाग, गढ़वा के तत्वावधान में बीते कल दिनांक- 30 सितम्बर 2026, बुधवार को गढ़वा ICDS में जिला स्तरीय पोषण माह फूड कॉम्पटीशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अर्चना सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ICDS परियोजनाओं से परियोजना स्तर पर चयनित सहायिकाओं (AWH) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्रियों से तैयार विभिन्न पौष्टिक, स्वादिष्ट एवं संतुलित व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों के माध्यम से पोषण को बढ़ावा देना, परिवारों में संतुलित आहार के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए पौष्टिक भोजन के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर अर्चना सिन्हा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों में पोषण के अनेक स्रोत मौजूद हैं। इन्हें दैनिक भोजन में शामिल कर परिवार के पोषण स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने पोषण माह के दौरान सभी आंगनबाड़ी केंद्रों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
फूड कॉम्पटीशन के माध्यम से “स्थानीय खाना, प्रोटीन खाना” के संदेश को भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में ICDS के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।
