RK TV News
खबरें
Breaking News

बागपत:कानून-व्यवस्था से लेकर विकास योजनाओं तक गहराई से हुई समीक्षा, बागपत को प्रदेश में शीर्ष पर लाने के निर्देश।

अधिकारियों को जनता से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे

जनसुनवाई को प्रभावी बनाएं अधिकारी, योजनाओं की मॉनिटरिंग हो मज़बूत

योजनाएँ धरातल पर दिखनी चाहिएं, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : प्रभारी मंत्री

RKTV NEWS/बागपत(बागपत)29 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों, राजस्व वसूली, योजनाओं के क्रियान्वयन और सीएमआईएस परियोजनाओं की गहन समीक्षा की।
बैठक में विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। प्रभारी मंत्री ने विशेष रूप से C एवं D श्रेणी के अधिकारियों को अपनी ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित गरीब-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचना शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप सुशासन तभी संभव होगा, जब राशन, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएँ हर घर तक पहुंचें।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यालयों में समय से उपस्थित हों, आगंतुकों से मृदुल व्यवहार करें और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि बागपत में स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और स्वच्छता जैसी सुविधाएँ प्रत्येक नागरिक को सहजता से उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने पर ज़ोर दिया। समाज कल्याण, पंचायती राज, विद्युत, राजस्व, कृषि एवं स्वास्थ्य विभागों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से जनसुनवाई करें और लाभार्थियों से फीडबैक लें। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि योजनाएँ केवल कागज़ों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखनी चाहिएं; किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसान समस्याओं के मद्देनज़र चीनी मिलों को शीघ्र भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैंक विभाग को कार्यशैली में सुधार कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनता को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में देरी या उपेक्षा जनता के जीवन से खिलवाड़ है और यह बिल्कुल अस्वीकार्य है। योजनाओं में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित करना अथवा अपात्र को लाभ देना — दोनों ही अपराध की श्रेणी में गिने जाएंगे। बच्चों की शिक्षा और पोषण में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा और नारी सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हेल्पलाइन नंबर सक्रिय रखे जाएं तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। गाँव-गाँव जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध पर ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि वे अलर्ट रहें और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, “महिला सम्मान पर कोई समझौता नहीं, अपराधियों पर सीधा प्रहार होना चाहिए।”
प्रभारी मंत्री ने कहा कि गंदगी और बीमारी का सीधा संबंध है। इसलिए गाँव और शहर दोनों में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया जाए। नालियाँ साफ हों, कूड़ा खुले में न सड़े और प्रत्येक मोहल्ला स्वच्छता का उदाहरण बने।
प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि कार्यालयों में आने वाले लोगों को सम्मान और सही जानकारी मिले। जनता को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अधिकारियों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सरकार की नीति शून्य सहिष्णुता की है।
समापन संबोधन में मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंत्योदय है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना प्रशासन की असली कसौटी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करें, समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण करें और कार्यों का ठोस परिणाम जनता के सामने दिखाई दे।
वहीं जनपद बागपत में अपने उत्कृष कार्यकाल उपरांत अब सेवानिवृत होने जा रहे मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव को प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर बागपत विधायक योगेश धामा ,जिलाधिकारी अस्मिता लाल, मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी विनीत उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

एलसीए एमके1ए के लिए पहला रियर फ्यूज़लेज बेंगलुरु में रक्षा मंत्री की मौजूदगी में भारतीय निजी उद्योग द्वारा एचएएल को सौंपा गया।

rktvnews

उपराष्ट्रपति ने देश के युवाओं से भारत और इसकी संस्थाओं की छवि को धूमिल करने के लिए फैलाए जा रहे किसी भी झूठे आख्यानों को निष्प्रभावी करने का आह्वान किया।

rktvnews

भोजपुर में टाटा पिकअप से ₹10 लाख की विदेशी शराब जब्त, वाराणसी का तस्कर गिरफ्तार।

rktvnews

बायजूस ने उत्पाद और सेवाओं की क्षमता और प्रभाव के आधार पर आर्गेनिक ग्रोथ के लिए ट्रांसफॉर्मेटिव सेल्स मॉडल का अनावरण किया।

rktvnews

दैनिक पञ्चांग : 06 जून 25

rktvnews

मतदाता जागरूकता अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना वीकेएसयू आरा की महत्वपूर्ण भूमिका:आदित्य कुमार सिंह एम्बेसडर एस बी कालेज

rktvnews

Leave a Comment