ब्रह्मोत्सव के बीच रिलायंस फाउंडेशन की सौगात, श्रद्धालुओं का सफर होगा सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल
तिरुमला/मनोज कुमार प्रसाद 16 सितंबर। तिरुमला आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में रिलायंस फाउंडेशन ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को 25 इलेक्ट्रिक बसें सौंपी हैं। इन बसों के संचालन के लिए अलग ईवी चार्जिंग स्टेशन भी तैयार किया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई इलेक्ट्रिक बसों से तिरुमला आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ परिवहन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और पेट्रोल-डीजल वाहनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। ब्रह्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के तिरुमला पहुंचने के बीच इन बसों की शुरुआत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने जून 2026 में तिरुमला यात्रा के दौरान टीटीडी को 25 इलेक्ट्रिक बसें देने का वादा किया था। करीब तीन महीने में रिलायंस फाउंडेशन ने यह वादा पूरा कर दिया। बसों के लिए चार्जिंग सुविधा तैयार करने में Jio-bp ने तकनीकी सहयोग दिया है।
अनंत अंबानी ने कहा कि हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुमला आते हैं। उनकी यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने में सहयोग करना सौभाग्य और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कहा कि 25 इलेक्ट्रिक बसें तिरुमला की तीर्थयात्रा को सुविधाजनक बनाने और क्षेत्र की समृद्ध जैव-विविधता के संरक्षण की दिशा में छोटा-सा योगदान हैं।

