बागपत को मिलेगी नई पहचान — श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह के नाम पर होगी 50 हजार टीसीडी क्षमता की बागपत कोऑपरेटिव शुगर मिल।

यूपी सरकार के गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया दी बागपत कोऑपरेटिव शुगर मिल के पेराई सत्र 2025–26 का शुभारंभ।

गन्ना मूल्य में रिकॉर्ड ₹30 की वृद्धि, किसानों को सीधा लाभ देने पर सरकार का फोकस।

कृषक समृद्धि के मार्ग पर बढ़ रहा बागपत — नई मिल से बढ़ेगा रोजगार और उत्पादन दोनों।
बागपत बना चीनी उद्योग का भरोसेमंद नाम — मिल की रिकवरी दर में प्रदेश में मिला दूसरे स्थान।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)03 नवंबर।गन्ना किसानों के लिए ऐतिहासिक दिवस पर बागपत की दी कोऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड में पेराई सत्र 2025–26 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे लक्ष्मी नारायण चौधरी, कैबिनेट मंत्री (गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, उत्तर प्रदेश सरकार), ने पूजा-अर्चना के साथ पेराई सत्र का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मा. केपी मलिक, राज्य मंत्री (वन, पर्यावरण एवं जंतु उद्यान), विधायक योगेश धामा तथा जिलाधिकारी अस्मिता लाल सहित बड़ी संख्या में किसान, अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन यज्ञ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने प्रदेश की समृद्धि और किसानों की खुशहाली की कामना की।
गन्ना मंत्री ने कहा बागपत के गन्ना किसानों की मेहनत और योगदान की सराहना करते हुए घोषणा की कि अब बागपत शुगर मिल को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की दीर्घकालिक मांग को स्वीकार करते हुए मिल की उत्पादन क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है। वर्तमान मिल का विस्तार किया जाएगा और साथ ही नई शुगर मिल परिसर की स्थापना 50 हजार टीसीडी (टन क्रशिंग पर डे) क्षमता के साथ की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि आगामी पेराई सत्र का शुभारंभ इसी नए परिसर से किया जाए।
मंत्री ने यह भी घोषणा की कि बागपत की इस ऐतिहासिक शुगर मिल का नाम अब “श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह कोऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड, बागपत” के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने मिल प्रशासन को तत्काल इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसान नेता और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के प्रति श्रद्धांजलि है, जिन्होंने किसानों की आवाज को देश के सर्वोच्च स्तर तक पहुँचाया था।
किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णयों की जानकारी देते हुए गन्ना मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ना मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की अभूतपूर्व वृद्धि की है। अगेती किस्मों के लिए ₹400 प्रति क्विंटल तथा सामान्य प्रजातियों के लिए ₹390 प्रति क्विंटल का भाव तय किया गया है, जो प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गन्ना माफिया और घाटोली जैसी समस्याओं को समाप्त कर प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बना दिया है। अब तक 95प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान सीधे किसानों के खातों में किया जा चुका है, जो अव तक ₹2 लाख 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि है। 2007 से 2017 तक 137000 करोड़ का भुगतान किया गया था।
गन्ना मंत्री ने कहा कि बागपत की धरती कृषि ज्ञान की पाठशाला है। उन्होंने कहा, “यदि कोई गन्ने की असली समझ पाना चाहता है, तो उसे बागपत जरूर आना चाहिए। यह भूमि मेहनतकश किसानों की है, जिन्होंने गन्ने की मिठास से प्रदेश की पहचान बनाई है।” उन्होंने विधायक योगेश धामा की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा किसानों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुँचाते रहे हैं, और इसी निरंतर प्रयास का परिणाम है कि आज यह ऐतिहासिक घोषणा संभव हो सकी है।
राज्य मंत्री केपी मलिक ने भी किसानों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बागपत की शुगर मिल प्रदेश की सबसे भरोसेमंद मिलों में से एक है, जिसने अपनी रिकवरी दर 10.58 किलोग्राम के आधार पर उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में जब नई फैक्ट्री आरंभ होगी, तब यह जनपद न केवल गन्ना उत्पादन बल्कि औद्योगिक विकास में भी एक नई पहचान बनाएगा। उन्होंने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ₹30 प्रति क्विंटल मूल्य वृद्धि से किसानों के जीवन में समृद्धि और सरकार के प्रति विश्वास दोनों में वृद्धि हुई है अब किसान को 400 रुपए प्रति कुंतल भाव मिलेंगे।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि बागपत कोऑपरेटिव शुगर मिल के अधीन वर्तमान में 31 गन्ना क्रय केंद्र संचालित हैं, जिनके माध्यम से इस सत्र में 50 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह मिल बागपत ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों के जीवन और अर्थव्यवस्था की धुरी मानी जाती है।
गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा एमएसपी के आधार पर फसलों की बुवाई से पहले ही फसलों की दर निर्धारित करने का कार्य उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा। दी बागपत कोऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड रमाला पेराई सत्र 2025- 26 का शुभारंभ आज जिलाधिकारी अस्मिता लाल व छपरौली विधायक डॉ अजय कुमार द्वारा किया गया । रमाला व बागपत शुगर मिल में पहली पर्ची का गन्ना लेकर आए किसान को जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने सम्मानित किया ।
इस अवसर अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय, उपाध्यक्ष बागपत चीनी मिल कृष्ण पाल, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर, जयप्रकाश धामा, बागपत मिल प्रबंधन, रमाला मिल प्रबंधन विवेक यादव, जिला गन्ना अधिकारी अमर प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी किसान बंधु मिल प्रबंधन से जुड़े अधिकारीगण एवं समिति सदस्य आदि मौजूद रहे।

