भव्य स्तर पर आयोजित हुई रन फॉर यूनिटी दौड़ को राज्यमंत्री केपी मलिक ने दिखाई हरी झंडी।

जन-जन तक पहुंचा “एक भारत श्रेष्ठ भारत” का विचार, एकता से ही बनेगा विकसित भारत।

सभी नागरिकों से आह्वान: एकता को व्यवहार में लाए और बागपत को मजबूत बनाए।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)31 अक्टूबर। आज जनपद बागपत में स्वतंत्र भारत के शिल्पकार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। जनपद स्तरीय रन फॉर यूनिटी की शुरुआत सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज से हुई जिसका शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के वन पर्यावरण जंतु उद्यान मा0 राज्यमंत्री केपी मलिक ने किया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और युवा चेतना के प्रतीक उत्सव के रूप में किया गया। एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश जन जन तक पहुंचा।
राष्ट्रीय एकता दिवस उस विचारधारा का पुनर्स्मरण है जिसने भारत को सैकड़ों रियासतों से जोड़कर एक अखंड राष्ट्र का रूप दिया। सरदार पटेल का जीवन इस सत्य का प्रतीक था कि जब विचार, उद्देश्य और कार्य एक हो जाते हैं तो असंभव भी संभव हो जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि संविधान के आदर्शों को जीवंत रखने के लिए नागरिक चेतना आवश्यक है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती उस विचार का उत्सव है जो भारत की विविधता को उसकी शक्ति बनाता है। आज जब देश “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की ओर अग्रसर है, तब राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि विकास की जड़ें एकता में ही निहित हैं।
राज्यमंत्री केपी मलिक ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि दी और युवाओं को संबोधित कर कहा कि एकता के संकल्प के साथ देश को सबसे सुंदर स्वरूप देने का श्रेय लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को जाता है। प्रेरक प्रसंग बताते हुए कहा कि लौह पुरुष ने अपने दुख सुख के ऊपर देश और हम सभी की परवाह की इसलिए उन्हें लौह पुरुष की पहचान मिली। प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने देश की सबसे विशाल स्मारक लौह पुरुष को समर्पित किया है जो प्रतीक है इस बात का यह देश उनका सम्मान करता है जो देश की सेवा करते है। राज्यमंत्री ने आह्वान किया कि देश समाज के लिए आज रन फॉर यूनिटी के अवसर पर आज संकल्प ले और कोई ऐसा अच्छा कार्य करे जिसके बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन हो।
वहीं राज्यमंत्री केपी मलिक, जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाई जिसमें प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, माय भारत स्वयंसेवकों, मंगल दल के युवाओं, भारत स्काउट एंड गाइड, स्कूली छात्र छात्राओं सहित लगभग 300 प्रतिभागी शामिल हुए। इस यात्रा में लोग हाथों में तिरंगा थामे चले और सामूहिक रूप से यह संदेश दिया कि राष्ट्र की एकता तभी सुदृढ़ होगी जब हम सभी नागरिक जागरूक, उत्तरदायी और सक्रिय होंगे। युवाओं का उत्साह देखने लायक था। सैकड़ों छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ दौड़ में भाग लिया।
रन फॉर यूनिटी का समापन राष्ट्र वंदना चौक पर हुआ जहां राज्यमंत्री केपी मलिक ने शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सरदार पटेल के जीवन दर्शन, नेतृत्व और दूरदर्शिता से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिली। राष्ट्रीय एकता दिवस का मूल उद्देश्य एकता की भावना को व्यवहार में उतारना है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वह अपने परिवार, गांव और समाज में आपसी सहयोग, सौहार्द, और समरसता के मूल्यों को सुदृढ़ करे।
वहीं जिलेभर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुए जिसमें सरकारी विभागों, विद्यालयों, कॉलेजों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय एकता का संकल्प दोहराया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ,मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार चौहान, ईओ बागपत के के भड़ाना, जिला युवा अधिकारी डॉ योगेश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

