
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)28 सितंबर।डीआईटीआरपी द्वारा आयोजित इंडियाज़ बेस्ट 100 इंस्टीट्यूशन अवार्ड 2026 समारोह में भोजपुर के लाल, डॉ. विकास कुमार ‘वायरस गुरु’, निदेशक, डॉ. पी.सी. मालती तकनीकी एवं सामाजिक कल्याण संस्थान, महादेवा रोड, आरा को शिक्षा, कौशल विकास, कंप्यूटर शिक्षा, साइबर सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में डॉ. विकास कुमार को स्मृति चिह्न, प्रमाण-पत्र एवं उपलब्धि सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान बच्चों एवं युवाओं के कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा, कंप्यूटर शिक्षा, साइबर सुरक्षा तथा समाज के प्रति उनके निरंतर योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता सोनू शर्मा द्वारा डॉ. विकास कुमार को सम्मानित किया गया। साथ ही डीआईटीआरपी के निदेशक अमजद साठे, शशिस कुमार तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता सोनू शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एक उपलब्धि प्राप्त कर लेना ही सफलता नहीं है। व्यक्ति को आने वाले पांच वर्षों के लिए अपनी उपलब्धियों और विकास की स्पष्ट योजना बनानी चाहिए। लगातार आगे बढ़ने की सोच ही व्यक्ति के विकास को गति देती है।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति की प्रगति केवल उसके व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसके ज्ञान, अनुभव और उपलब्धियों का लाभ समाज को भी मिलना चाहिए। इससे व्यक्ति को सम्मान मिलने के साथ-साथ समाज के विकास में भी उसका योगदान बढ़ता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. विकास कुमार ने अपने जीवन और कार्ययात्रा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि अपनी शिक्षा भोजपुर के विद्यालय से पूरी करने के बाद उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र में जाने के लिए तैयारी की और उसमें सफलता भी प्राप्त की।
बाद में उन्होंने अपना कार्यक्षेत्र डॉ. पी.सी. से जोड़ा और शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में कार्य करना प्रारंभ किया। उन्होंने युवाओं के लिए सुपर 30 के प्रशिक्षण समूह भी प्रारंभ किए, जिसके माध्यम से अनेक विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं लिपिक पदों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई गई और कई विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।
डॉ. विकास कुमार ने साइबर सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता के क्षेत्र में भी लगातार कार्य किया है। उनके द्वारा समय-समय पर साइबर जागरूकता शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों एवं आम लोगों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाता है।
अपने संबोधन में डॉ. विकास कुमार ने युवाओं से कहा कि केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहे अपने कौशल विकास, व्यवसाय और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ते रहे।
उन्होंने कहा कि व्यवसाय ऐसा माध्यम है, जिसके द्वारा व्यक्ति स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकता है। उन्होंने युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल को पहचानकर रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार देने की दिशा में भी आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में व्यवसाय से व्यवसाय की अवधारणा पर भी चर्चा की गई तथा इसे संस्थानों और व्यवसायों के विकास के लिए उपयोगी बताया गया।
डॉ. विकास कुमार ने कार्यक्रम के आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे भारत के 16 राज्यों से प्रतिभागियों एवं संस्थानों को एक मंच पर सम्मानित करना अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने अमजद साठे , ज्योति ,वेदिका सहित डीआईटीआरपी की पूरी टीम को इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों को आगे बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. विकास कुमार ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे भोजपुर और बिहारवासियों के प्यार, सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है। इस कार्यक्रम में बिहार वैशाली से आनंद मोहन झा, सूरज कुमार एवं तरुण सिन्हा भी उपस्थित रहे।
उन्होंने भोजपुर के सभी प्रतिष्ठित नागरिकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहयोगियों तथा बिहार कौशल विकास मिशन की टीम सहित संस्था के सचिव साइबर क्राइम विशेषज्ञ सत्य प्रकाश सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने शिक्षा, कौशल विकास एवं सामाजिक कार्यों में उनका सहयोग किया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी डॉ. पी.सी. मालती तकनीकी एवं सामाजिक कल्याण संस्थान के माध्यम से कंप्यूटर शिक्षा, कौशल विकास, साइबर जागरूकता एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण को और अधिक व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
डॉ. विकास कुमार को प्राप्त यह सम्मान पूरे भोजपुर के लिए गौरव की बात है और जिले के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला है।
