कायस्थ गौरव सम्मान समारोह अब 20 दिसंबर को • संगठन विस्तार और जिला टीमों के गठन पर जोर।
लखनऊ/उत्तर प्रदेश (डॉ. एम. रहमतुल्लाह)28 सितंबर।अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव जी के दो दिवसीय लखनऊ प्रवास के क्रम में प्रदेश कमेटी एवं राष्ट्रीय तथा प्रदेश कमेटी के प्रमुख पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक लखनऊ में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, सुदृढ़ीकरण एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय श्री विकास श्रीवास्तव ‘बाबा जी’ के नेतृत्व में प्रदेश पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आत्मीय एवं जोरदार स्वागत किया।
बैठक में आगामी ‘कायस्थ गौरव सम्मान समारोह’, संगठन के विस्तार, विभिन्न जिलों में अध्यक्षों की नियुक्ति तथा सक्रिय जिला टीमों के गठन सहित अनेक महत्वपूर्ण संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व निर्धारित 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित कायस्थ गौरव सम्मान समारोह अब 20 दिसंबर 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा।
यह भव्य समारोह अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर, लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष श्री विकास श्रीवास्तव ‘बाबा जी’ के संयोजन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को अधिक भव्य, गरिमामय एवं प्रभावी स्वरूप देने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव जी ने प्रदेश पदाधिकारियों से संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, सक्रियता एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश में मजबूत एवं सक्रिय संगठनात्मक ढांचा तैयार करने के साथ प्रत्येक जिले में प्रभावी जिला अध्यक्ष एवं टीम के गठन तथा संगठन की पहुंच गांव, मोहल्ले एवं वार्ड स्तर तक सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े परिवारों को संगठन से जोड़ने तथा उनके हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने पर भी विशेष चर्चा हुई। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सशक्तिकरण एवं समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों को संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अखिल भारतीय कायस्थ महासभा को प्रदेश के प्रत्येक स्तर पर और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए पूर्ण सहयोग, निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

