भाकपा(माले) महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने किया ‘बदलो सरकार, बदलो बिहार’ का आह्वान।

जारी किया गया बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भाकपा (माले) का संकल्प पत्र।

कहा – सात पार्टियों वाला इंडिया गठबंधन जिले के सभी सात सीटों पर चुनाव जीतेगा।
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा) 26 अक्टूबर।सामाजिक परिवर्तन के महानायक, भाकपा(माले) के संस्थापक और सहार (अभी तरारी) से तीन बार विधायक रहे का. रामनरेश राम की 15वीं बरसी के मौके पर भाकपा(माले) ने एकवारी से सहार तक ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ आयोजित किया.
एकवारी से पेरहाप, राजदेव नगर, खैरा, करवासीन होते हुए सहार अवस्थित का. रामनरेश राम स्मारक स्थल तक करीब 12 किलोमीटर लम्बी इस पैदल यात्रा के समापन के मौके पर आयोजित जनसभा के जरिये भाकपा(माले) ने विधानसभा चुनाव 2025 के लिए ‘परिवर्तन संकल्प पत्र’ भी जारी किया.
भाकपा(माले) महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, वरिष्ठ नेता स्वदेश भट्टाचार्य, पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद, राज्य सचिव कुणाल, आरा सांसद सुदामा प्रसाद, काराकाट सांसद राजाराम सिंह, ऐपवा महासचिव मीना तिवारी और आरा, अगिआंव और तरारी के इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों क्रमशः क्यामुद्दीन अंसारी, शिवप्रकाश रंजन और मदन सिंह चंद्रवंशी ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया.
यात्रा की शुरुआत एकवारी में शहीद मास्टर जगदीश प्रसाद स्मारक स्थल पर झंडोत्तोलन, माल्यार्पण और भाकपा (माले) आंदोलन के सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. ‘बदलो सरकार, बदलो बिहार’ के जोरदार नारे के साथ यात्रा अपने गंतव्य स्थल तक पहुंची.
सहार में सोन किनारे स्थित का. रामनरेश राम स्मारक परझंडोत्तोलन, माल्यार्पण व श्रद्धांजलि देने के बाद आयोजित हुई परिवर्तन संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि का. रामनरेश राम, मास्टर जगदीश महतो, रामेश्वर यादव और बूटन मुसहर के नेतृत्व में पिछली सदी के 70 के दशक में सामाजिक परिवर्तन की जो लड़ाई शुरू हुई थी, वह आज भी लगातार आगे बढ़ रही है.
उन्होंने कहा कि का. रामनरेश राम 1995 से 2010 तक सहार (अभी तरारी) के विधायक और भाकपा(माले) विधायक दल के नेता रहे. सामाजिक बदलाव के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, संघर्ष और ईमानदारी हम सबके लिए एक मिसाल है.
उन्होंने कहा कि का. रामनरेश राम के नेतृत्व में सामंतवाद के खिलाफ अथक संघर्ष चला. आरएसएस-भाजपा के नेतृत्व में सामंती ताकतें आज कारपोरेट पूंजीवाद के साथ गठजोड़ कर देश पर फासीवाद थोपने की कोशिश कर रही हैं. इस मौके पर हमें उनकी इस कोशिश को नाकाम करने का संकल्प दुहराना है.
उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान पर लगातार हमले कर रही है और पूरे देश की तरह बिहार को भी अडानी का लेबोरेटरी बनाने पर आमादा है.
उन्होंने कहा कि इस मौके पर हमें देश की आजादी, लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के अधिकार बचाने का और पर्दे के पीछे से भाजपा बिहार में यूपी के तर्ज पर बुलडोजर राज थोपने की साजिश कर रही है, उसे नाकाम करने का संकल्प लेना है.
इस मौके पर इंडिया गठबंधन के जिला संयोजक बीरबल यादव, भाकपा(माले) पोलित ब्यूरो सदस्य व बगोदर (झारखंड) के पूर्व विधायक विनोद सिंह, अतुल दिघे (महाराष्ट्र), रवि राय (दिल्ली), अरवल के इंडिया गठबंधन प्रत्याशी महानन्द सिंह, राजू यादव आदि समेत भाकपा (माले) व इंडिया गठबंधन के दर्जनों नेता मौजूद थे.
भाकपा(माले) का संकल्प पत्र
आज बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जारी किये गए भाकपा(माले) के परिवर्तन संकल्प पत्र में बिहार को न्याय, समानता और लोकतंत्र कि सशक्त नींव पर खड़ा करने का, ताकि विकास का लाभ वंचित समुदाय तक पहुंचे.
दस सूत्री संकल्प पत्र को बिहार के मेहनतकश, भूमिहीन, किसान, मजदूर, महिला, युवा, दलित, वंचित, अल्पसंख्यक और आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की गारंटी करनेवाला बताया गया है.
इसमें भूमिहीनों और बेघरों को न्याय, किसान, बटाईदार और क़ृषि समृद्धि, सामाजिक समानता और न्याय, श्रमिकों और स्कीम वर्करों को सम्मान, युवा और शिक्षा, महिलाओं के अधिकार और सम्मान, अल्पसंख्यक, आदिवासी और पर्यावरण, स्वास्थ्य और जनसेवा, छोटे दुकानदार, स्टार्ट अप और विकलांग जन और सुसंगत शासन और संविधान की सुरक्षा जैसे मुद्दों को सामने लाया गया है.
कहा गया है कि बिहार विधानसभा में भाकपा(माले) विधायक दल जनहित, जनता की आवाज और जन आंदोलनों की ताकत का प्रतिनिधित्व करेगा. भाकपा(माले) विधायक दल शासन में पारदर्शिता व जवाबदेही स्थापित करने के लिए हर संभव पहल व संघर्ष करेगा।

