क्राइसिस मैनेजमेंट को लेकर जिला पदाधिकारी की समीक्षा बैठक संपन्न।
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)30 मार्च।जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आज क्राइसिस मैनेजमेंट को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (ज़ूम) के माध्यम से किया गया।
क्राइसिस मैनेजमेंट के संबंध में जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी तथा अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारियों को गैस एजेंसियों, उर्वरक दुकानों, औद्योगिक क्षेत्रों, पेट्रोल पंपों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया की यदि कोई प्रतिष्ठान आवश्यक वस्तुओं की अवैध जमाखोरी करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही जिला पदाधिकारी ने श्रम अधीक्षक को निर्देशित किया कि जिले के उन श्रमिकों का एक विस्तृत डाटाबेस तैयार करें जो मध्य-पूर्व (Middle East) देशों में कार्यरत हैं। साथ ही यह भी जानकारी संकलित की जाए कि वहां उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है तथा कितने श्रमिक वापस जिले में लौटे हैं।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सभी गैस एजेंसियों द्वारा घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड के वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में उपर्युक्त सभी बिंदुओं पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।



