महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रशंसनीय पहल : मंत्री दीपिका पांडे
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)16 अक्टूबर।दुमका सदर प्रखंड अंतर्गत संचालित “मइया आजीविका सिलाई केंद्र” का औचक निरीक्षण एवं संवाद कार्यक्रम झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, JSLPS के जिला परियोजना प्रबंधक, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक, JSLPS कार्यालय के कर्मी, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियाँ उपस्थित रहीं।
मंत्री ने केंद्र का विस्तृत अवलोकन किया और दीदियों द्वारा संचालित सिलाई एवं वस्त्र निर्माण गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने केंद्र की लागत, आय, उत्पादन क्षमता एवं विपणन प्रणाली के बारे में जानकारी ली। दीदियों ने बताया कि यह केंद्र उन्हें नियमित आय प्रदान कर रहा है तथा उनकी आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है।
इस अवसर पर दीपिका पांडे ने कहा कि,“ऐसे आजीविका केंद्र ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आर्थिक सशक्तिकरण का नया अध्याय लिख रहे हैं। इनसे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं और उनके परिवारों की आजीविका सुरक्षित हो रही है।”
उन्होंने JSLPS टीम एवं दुमका जिला प्रशासन की इस अभिनव पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे और केंद्र स्थापित किए जाएंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्र की अधिक महिलाएँ कौशल प्रशिक्षण और उत्पादन कार्य से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने केंद्र की दीदियों से संवाद किया, उनके सुझाव सुने और उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल को एक “आजीविका आंदोलन” के रूप में पूरे जिले में विस्तार दिया जाएगा।

