
RKTV NEWS/बक्सर (बिहार)12 अक्टूबर।बिहार विधान सभा निर्वाचन 2025 के दृष्टिगत निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज डुमराओं अनुमंडल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु चौकीदार परेड का आयोजन किया गया।
यह परेड निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरांव एवम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, के नेतृत्व थाना परिसर में संपन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चौकीदारों ने सहभागिता की।
परेड के दौरान अधिकारियों ने चौकीदारों को निर्वाचन अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी प्रकार की असामाजिक या संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं को समय पर प्रशासन तक पहुँचाने के लिए निर्देशित किया। उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी अफवाह या गलत सूचना से दूर रहते हुए निष्पक्षता एवं सजगता से कार्य करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है।
अनुमंडल पदाधिकारी ,डुमराओं ने कहा कि चौकीदार प्रशासन की जमीनी इकाई के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चुनाव के दौरान उनकी सक्रिय उपस्थिति एवं त्वरित सूचना संप्रेषण से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनती है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमराओं ने चौकीदारों को अनुशासन, तत्परता एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी एवम स्थानीय पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।
इस चौकीदार परेड का उद्देश्य निर्वाचन कार्यों को सुचारु, सुरक्षित एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने हेतु प्रशासनिक एवं पुलिस तंत्र को सुदृढ़ बनाना रहा।
