
पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा)12 नवम्बर। अविनाशी, जगत के अधिशासी न्यायाधीश, ब्रह्मांड का लेखा-जोखा रखने वाले, बुद्धि के अधिष्ठाता, कायस्थ समाज के आराध्य देव, ब्रह्मापुत्र भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा अर्चना पारंपरिक रूप से खुशी-खुशी संपन्न हो गई। इस अवसर पर कायस्थ समाज के लोगों ने अपने घरों मे भगवान चित्रगुप्त के चित्र पर अक्षत, रोली, फूल, माला, मिठाई, फल आदि चढा कर और धूप एवं दीप दिखा कर पूजा अर्चना की। साथ ही लोगों ने कलम, दवात और किताब की भी पूजा की। पूजा के बाद लोगों ने अपनी कलम को कच्चे सूते से बांध कर रख दिया। पूजा के बाद कलम से लिखना वर्जित है। कायस्थ समाज के लोगों द्वारा भगवान श्री चित्रगुप्त की सार्वजनिक रूप से भी पूजा अर्चना गई। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के सदस्यों तथा सहाय सदन चित्रगुप्त पूजा समितियों द्वारा सहाय सदन मे, श्री चित्रगुप्त पूजा समिति, कदम कुआँ सहित विभिन्न चित्रगुप्त पूजा समिति द्वारा सामूहिक रूप से भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा अर्चना की गई। सहाय सदन मे भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा अर्चना के बाद शाम मे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम मे शौमिल सिन्हा द्वारा बांसुरी वादन और शिवांगी सिन्हा द्वारा कत्थक नृत्य की प्रस्तुति की गई। मालूम हो कि शौमिल सिन्हा को बांसुरी वादन के लिए और शिवांगी सिन्हा को कत्थक नृत्य के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति प्राप्त है। पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 38 के वार्ड पार्षद डॉ आशीष कुमार सिन्हा के नेतृत्व मे श्री चित्रगुप्त पूजा समिति, कदम कुआँ द्वारा सामुदायिक भवन (शक्ति शिव मंदिर के नजदीक), कदम कुआँ मे सामूहिक रूप से भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा अर्चना की गई।
