जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण सह नारियल पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन, किसानों एवं महिला कृषकों को वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए किया गया प्रेरित।
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)12 नवंबर।जिले में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने, किसानों एवं महिला कृषकों की आय में वृद्धि करने तथा अनुपयोगी भूमि का सदुपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग, जेएसएलपीएस एवं प्रदान के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण सह नारियल पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन आत्मा परिसर में किया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा चिन्हित एवं प्रदान तथा जेएसएलपीएस के सहयोग से चयनित 5000 लाभुकों के बीच नारियल पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ नारियल की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नारियल की खेती से किसानों के लिए खुलेंगे आय के नए अवसर
उपायुक्त ने कहा कि नारियल एक बहुउपयोगी एवं व्यावसायिक महत्व की फसल है। इसकी खेती किसानों के लिए दीर्घकालिक आय का बेहतर माध्यम बन सकती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास, खेतों की मेड़ों तथा विशेष रूप से अनुपयोगी एवं बंजर पड़ी भूमि पर नारियल के पौधे लगाएं। जहां सिंचाई एवं पानी की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है, वहां इसकी खेती को प्राथमिकता दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि नारियल के पौधों से लंबे समय तक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है, जिससे किसानों के लिए आय के अतिरिक्त अवसर सृजित होंगे।
नारियल के प्रत्येक हिस्से का है व्यावसायिक महत्व
उपायुक्त ने नारियल के बहुआयामी उपयोग की जानकारी देते हुए कहा कि इसके फल, पानी एवं अन्य उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है। दक्षिण भारत में नारियल का व्यापक रूप से खाद्य पदार्थों, सब्जियों, चटनी एवं विभिन्न व्यंजनों में उपयोग किया जाता है। स्थानीय बाजारों में भी नारियल पानी की मांग बनी रहती है। ऐसे में जिले के किसान यदि योजनाबद्ध तरीके से इसकी खेती करते हैं तो उन्हें आर्थिक रूप से लाभान्वित होने के नए अवसर मिल सकते हैं।
लकीकुंडी एवं कुसुमडीह जैसे क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले के किसानों एवं महिला कृषकों को कृषि की नई संभावनाओं से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कोकोनट बोर्ड एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले में कृषि गतिविधियों को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के साथ धरातल पर पौधारोपण सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने कृषि विभाग, जेएसएलपीएस एवं प्रदान की टीम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसानों को नारियल की खेती के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल को केवल प्रशिक्षण एवं पौधा वितरण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि किसानों के खेतों में पौधारोपण सुनिश्चित करते हुए इसके बेहतर परिणाम प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने और उनकी आय में वृद्धि करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि के क्षेत्र में नई संभावनाओं को अपनाकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकते हैं।
इससे पूर्व उपायुक्त ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उदघाटन किया।

