
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)12 नवंबर।लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर आज उपायुक्त रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने चतरा नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों एवं पूजा स्थलों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने हेरुआ नदी, बाबाघाट, छठ तालाब, पुरेनिया तालाब, कठौतिया तालाब सहित अन्य छठ घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में घाटों की साफ-सफाई, जल की स्थिति, पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रथम अर्घ्य एवं द्वितीय अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। घाटों की समुचित साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुगम आवागमन एवं आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था ससमय पूर्ण की जाए। जलाशयों में गहरे एवं खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक प्रबंध करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था एवं श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा सभी तैयारियां समय से पूर्ण की जाएं।
निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी चतरा अनिल कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बिनीता कुमारी, चतरा सदर थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
