
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)07 अक्टूबर।समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आज आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतें और सुझाव प्रशासन के लिए बहुमूल्य हैं, क्योंकि इन्हीं के आधार पर विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव है।
जनता दरबार में भूमि विवाद, पेंशन, आवास, जलापूर्ति, बिजली, सड़क मरम्मत, शिक्षा एवं राजस्व से जुड़ी समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को समाहरणालय में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जिसमें आमजन सीधे अपने मुद्दे रख सकते हैं।
