52 गांवों एवं आरा नगर के हजारों नागरिकों को मिली बड़ी राहत, जनता में खुशी की लहर!
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )6 नवंबर।आरा की जनता के वर्षों पुराने संघर्ष, आंदोलन और चिरप्रतीक्षित मांग को आज एक महत्वपूर्ण मुकाम मिला। पूर्वी रेलवे गुमटी पर नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज का लोकार्पण आरा के सांसद कॉ. सुदामा प्रसाद ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाकपा-माले के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
इस मौके पर भाकपा-माले जिला सचिव अभ्युदय, अगिआंव विधायक शिवप्रकाश रंजन, माले नेता एवं आरा विधानसभा प्रभारी विजय ओझा, नगर सचिव सुधीर सिंह, संगीत सिंह, राजनाथ राम, सांसद के निजी सहायक चन्दन कुमार, सूरज कुमार, आइसा नेता रौशन कुशवाहा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। सभा का संचालन दिलराज प्रीतम जिला कार्यालय सचिव माले ने किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि पूर्वी रेलवे गुमटी पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण केवल एक पुल का निर्माण नहीं, बल्कि वर्षों से रेलवे फाटक बंद रहने और आवागमन की कठिनाइयों से जूझ रही जनता के संघर्ष की जीत है। 52 तापा गांवों और आरा नगर के हजारों नागरिकों को इस ओवरब्रिज से बड़ी राहत मिलेगी। अब लोगों को रेलवे पटरियों से रोजमर्रा के आवागमन में होने वाली परेशानियों से काफी हद तक निजात मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस ओवरब्रिज के निर्माण के लिए जनता ने लंबे समय तक आवाज उठाई, संघर्ष किया और अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार दबाव बनाया। जनता के इसी संघर्ष और जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि आज यह सपना साकार हुआ है। इसके लिए वे क्षेत्र की जनता को हार्दिक बधाई देते हैं।
सांसद ने कहा कि जनता की बुनियादी जरूरतों को नजरअंदाज करना और वर्षों तक उन्हें समस्याओं के हवाले छोड़ देना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। जनता की आवाज को मैंने सड़क से सदन तक उठाया। जब जनता अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करती है, तो अंततः सत्ता और व्यवस्था को उसकी मांगों के सामने जवाबदेह होना पड़ता है। यह फुट ओवरब्रिज इसी जनसंघर्ष और जनएकजुटता का प्रतीक है।
अंत में उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या जनप्रतिनिधि की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन तमाम लोगों की जीत है जिन्होंने वर्षों तक इस मांग को जीवित रखा और इसके लिए संघर्ष किया।

