भ्रमणशील विज्ञान बस सेवा का हुआ शुभारंभ।

विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं का किया उद्घाटन।

एस्ट्रा पार्क के निर्माण कार्य का शुभारंभ एवं स्मारिका बिक्री केंद्र का उद्घाटन।

Geoinformatics पाठ्यक्रम का बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर, पटना में शुभारंभ।

बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के बीच समझौता ज्ञापन।

तारामंडल में इंटर्नशिप पोर्टल का शुभारंभ।

5.6 करोड़ रुपये की लागत से तारामंडल के मुख्य भवन में निर्मित वर्चुअल रियलिटी थियेटर का उद्घाटन।

बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग स्नातक छात्र-छात्राओं को प्रदान की डिग्रियाँ।
RKTV NEWS/पटना (बिहार)20 सितंबर।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना स्थित तारामंडल में आयोजित कार्यक्रम में विज्ञान प्रदर्शनी बस को हरी झंडी दिखाकर भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्श बस सेवा का शुभारंभ किया। यह बस राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर छात्र-छात्राओं को विज्ञान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन किया। इसके अंतर्गत तारामंडल, पटना में एस्ट्रा पार्क के निर्माण कार्य का शुभारंभ एवं स्मारिका बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया गया। साथ ही बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी तथा बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत एम.टेक. (Geoinformatics) पाठ्यक्रम का बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर, पटना में शुभारंभ किया गया। आज ही तारामंडल में इंटर्नशिप पोर्टल का शुभारंभ हुआ तथा ऑब्जर्वेटरी डोम के निर्माण हेतु बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के बीच समझौता ज्ञापन भी संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद 5.6 करोड़ रुपये की लागत से तारामंडल के मुख्य भवन में निर्मित वर्चुअल रियलिटी थियेटर का उद्घाटन किया। उन्होंने वहां बैठकर इसका अवलोकन किया और कहा कि यह थियेटर अत्यंत आकर्षक बना है, जहाँ आने वाले विद्यार्थियों एवं लोगों को विज्ञान के साथ-साथ अन्य नई जानकारियों का भी अनुभव होगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग स्नातक छात्र-छात्राओं को डिग्रियाँ प्रदान कीं।

