युवाओं को सेना भर्ती के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित होगा विशेष कैम्प।
पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ आसानी से दिलाने पर हुई चर्चा।
RKTV NEWS/देवघर ( झारखंड)28 सितंबर।उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में रामगढ़ कैंट के कमांडिंग ऑफिसर और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में आगामी 09 व 10 अक्टूबर (संभावित तिथि) को भारतीय सेना द्वारा आयोजित किए जाने वाले फ्री मेडिकल कैम्प, हथियार व उपकरण प्रदर्शनी (Weapon and Equipment Display) तथा युवाओं के लिए सेना भर्ती जागरूकता अभियान की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सेना के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि इस दो दिवसीय आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यकता अनुसार हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उपायुक्त ने शिविरों के सफल व सुचारू संचालन को लेकर नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, यातायात पुलिस के अधिकारियों तथा कार्यपालक अभियंता को समन्वय बनाकर काम करने और आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश जारी किए। इस विशेष कैम्प का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के नियमों, शारीरिक व मेडिकल मापदंडों की सही जानकारी देना है। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करने के लिए विशेष जागरूकता कैंप का आयोजन किया जाएगा, ताकि युवा वर्ग अधिक से अधिक संख्या में सेना से जुड़कर देश की सेवा कर सके। आगे बैठक में जिले के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त और सेना के अधिकारियों के बीच पूर्व सैनिकों की समस्याओं को दूर करने तथा उन्हें ईसीएचएस व अन्य चिकित्सा सुविधाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के आसानी से पहुंचाने की दिशा में कार्य योजना पर गहन चर्चा हुई।
इस अवसर पर रामगढ़ कैंट के कमांडिंग ऑफिसर, सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, मेजर, जिला नजारत उपसमाहर्ता मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

