चुनाव आयोग ने 72 घंटे से कम समय में उपचुनावों के लिए इंडेक्स कार्ड जारी किए।
RKTV NEWS/ नई दिल्ली 26 जून।भारतीय चुनाव आयोग ने केरल, गुजरात, पंजाब और पश्चिम बंगाल राज्यों में हाल ही में संपन्न हुए पांच विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों में नए डिजिटल प्लेटफॉर्म ECINET का संचालन शुरू किया है। यह याद किया जा सकता है कि ECI ने इस साल की शुरुआत में 4 मई को ECINET नामक एक नए वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म के विकास की घोषणा की थी, जिसमें ECI के 40 से अधिक मौजूदा मोबाइल और वेब एप्लिकेशन को एकीकृत किया गया है। उपचुनावों में ECINET के कुछ मॉड्यूल का सफल कार्यान्वयन देखा गया, जो आने वाले हफ्तों में पूरी तरह से चालू हो जाएगा।
ECINET मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयुक्तों डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ मिलकर मतदाताओं और अन्य हितधारकों के लाभ के लिए चुनाव संबंधी सूचनाओं के समय पर और अद्यतन प्रकटीकरण के लिए आयोग द्वारा की गई विभिन्न पहलों में से एक है।
उपचुनावों के दौरान एक बड़ी उपलब्धि यह रही कि पीठासीन अधिकारियों (पीआरओ) द्वारा पहले की मैनुअल प्रक्रिया के विपरीत सीधे ECINET पर वीटीआर रुझानों को अपलोड किया गया। इससे सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान, पारदर्शिता में वृद्धि और वीटीआर रुझानों को प्रकाशित करने में लगने वाले समय में उल्लेखनीय कमी आई। ECINET के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि पीआरओ अपने-अपने मतदान केंद्रों से निकलने से पहले अंतिम वीटीआर आंकड़े अपलोड करें, जिसके परिणामस्वरूप जनता के लिए ECINET पर वीटीआर रुझान बहुत तेजी से उपलब्ध हो गए। सुव्यवस्थित, प्रौद्योगिकी-संचालित प्रणाली उपचुनावों के दौरान अनुमानित मतदाता मतदान प्रतिशत रुझानों पर समय पर अपडेट प्रदान करने में सक्षम थी।
ECINET की शुरूआत का एक अन्य प्रमुख परिणाम इंडेक्स कार्ड का तेजी से प्रकाशन रहा है, जो चुनाव परिणामों की घोषणा के 72 घंटों के भीतर उपलब्ध करा दिए गए थे। इंडेक्स कार्ड बनाने की प्रक्रिया को डिजिटल बनाने और तेज़ करने के निर्णय की घोषणा इस महीने की शुरुआत में 5 जून को की गई थी। नई प्रणाली के तहत, इंडेक्स कार्ड में अधिकांश डेटा फ़ील्ड ECINET इनपुट का उपयोग करके स्वतः भरे जाते हैं। ECINET की शुरुआत से पहले, इंडेक्स कार्ड के प्रकाशन में कई दिन, सप्ताह या यहाँ तक कि महीने भी लग जाते थे क्योंकि डेटा अधिकारियों द्वारा मैन्युअल रूप से भरा और सत्यापित किया जाता था। इंडेक्स कार्ड एक गैर-सांविधिक, चुनाव-पश्चात सांख्यिकीय रिपोर्टिंग प्रारूप है, जिसे 1980 के दशक के उत्तरार्ध में आयोग द्वारा शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं, पत्रकारों और आम जनता सहित सभी हितधारकों के लिए निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर चुनाव-संबंधी डेटा की पहुँच को बढ़ावा देने के लिए एक स्व-प्रेरणा पहल के रूप में विकसित किया गया था। रिपोर्ट में कई आयामों जैसे कि उम्मीदवार, मतदाता, डाले गए वोट, गिने गए वोट, पार्टी-वार और उम्मीदवार-वार वोट शेयर, लिंग-आधारित मतदान पैटर्न, क्षेत्रीय विविधताएँ और राजनीतिक दलों का प्रदर्शन शामिल हैं। ये रिपोर्ट https://www.eci.gov.in/statistical-reports पर उपचुनाव टैब पर देखी जा सकती हैं।

