
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)11 अगस्त।मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी ने राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे परिवादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन-शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में भोजपुर जिले के 15 परिवादी पटना पहुंचे और मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी-अपनी समस्याएं एवं परिवाद प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना तथा उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जन-शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सरकार की प्राथमिकता है। प्रत्येक परिवादी की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज और प्रभावी ढंग से मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान भोजपुर के जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप भोजपुर से संबंधित सभी 15 परिवादों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका निष्पादन कर दिया गया है।जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर परिवादियों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया पूरी की गई है।
