आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)27 मई।आरा प्रखण्ड के बड़की सनदिया ग्राम निवासी चन्दन पाण्डेय को बिहार सरकार खेल विभाग द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।जिसको लेकर जिले में सर्वत्र खुशी की लहर है।
बिहार सरकार खेल विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार खेल कूद विधेयक संगमों, रजिस्ट्रीकरण मान्यता एवं विनियमन अधिनियम 2013 के संशोधन हेतु एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
जिसमें अध्यक्ष मिथिलेश कुमार जिला खेल पदाधिकारी मुजफ्फरपुर, सदस्य डा करुणेश कुमार खेल पदाधिकारी आईटी आई बिहटा पटना, सुशील कुमार सचिव बास्केटबॉल संघ बिहार एवं चंदन पाण्डेय सचिव साइकिल पोलो संघ बिहार है। नई जिम्मेदारी में अब चन्दन पाण्डेय के द्वारा तय किए गए नियमों और सुझावों के आधार पर राज्य के खेल और खेल कूद संघों के व्यापक विकास के लिए राज्य सरकार विधेयक व अधिनियम बनाएगी। दुसरे शब्दों में कहें तो बिहार में खेलों के विकास हेतु बनाए जाने वाले कानूनों में चन्दन पाण्डेय के कलम की भी स्याही लगी होगी। ओलिंपिक और गैर ओलंपिक खेलों की समझ तथा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कानूनों की व्यापक जानकारी एवं भारत सरकार तथा अन्य राज्यों में लागू खेल अधिनियमों पर किए गए इनके गहन अध्ययन को देखते हुए राज्य सरकार ने इन्हें जो दायित्व सौंपा है वो निश्चित रूप से पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है।
यह पहला मौका है जब जिले का कोई युवा राज्य सरकार के लिए बनाए जाने वाले संशोधन विधेयक में अपनी भूमिका निभाएगा। चंदन पांडेय ने बताया कि लगातार खेलों के माध्यम से प्रखंड जिला और राज्य तक युवाओं को प्रेरित करते रहा और इसके लिए तमाम सुविधा उपलब्ध कराता रहा।मुझे जो जिम्मेदारी मिली है उसको बखूबी ईमानदारी से पालन करूंगा। प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं रहती है । इन्होंने बताया की वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से एमए की शिक्षा हासिल करने वाले चंदन पाण्डेय प्रारंभ से ही खेल कूद के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं तथा एक खिलाड़ी के तौर पर ही नही बल्कि एक कुशल खेल प्रशासक के तौर पर भी इनकी खास पहचान है। ये भारतीय जनता पार्टी आरा ग्रामीण मण्डल के युवा मोर्चा अध्यक्ष और पार्टी के महामंत्री के पद पर रहते हुए भी अमिट छाप छोड़ी है।बड़की सनदिया निवासी दया शंकर पाण्डेय के पुत्र चन्दन पाण्डेय को मिले इस गौरव से जिले के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। लगातार युवा साथियों के बधाई और शुभकामनाएं आ रही है।
