पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 24 फरवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेगूसराय जिले के सिमरिया धाम में 115 करोङ रुपये की लागत की विभिन्न योजनाओं का फीता काटकर और शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया। गंगा नदी के किनारे अवस्थित सिमरिया धाम के निकट सीढ़ी घाट, धर्मशाला, पार्क का निर्माण, स्नान घाट एवं चेंजिंग रूम, धार्मिक अनुष्ठान हेतू मंडप निर्माण एवं गंगा आरती हेतू निर्धारित स्थल, घाट के समानांतर स्नान हेतू सुरक्षा व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग, शेडेड कैनोपी, वॉच टावर, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था एवं लैंडस्कैपिंग सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किया गया है। लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री ने सिमरिया घाट का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में सिमरिया धाम स्थल पर लोग उपस्थित थे और घाटों के सौंदर्यीकरण को लेकर काफी उत्साहित थे। वहाँ उपस्थित लोगों ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शंखनाद कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
ज्ञातव्य हो कि बेगूसराय जिले के बरौनी प्रखंड अंतर्गत उत्तरवाहिनी गंगा नदी के बायें तट पर अवस्थित सिमरिया घाट प्राचीन काल से ही आध्यात्मिक एवं धार्मिक दृष्टिकोण से प्रसिद्ध रहा है। सिमरिया धाम को वैदिक काल से ही कुंभ स्थली एवं कल्पवास के लिए महत्वपूर्ण स्थान होने का गौरव प्राप्त है। यहाॅ कार्तिक महीने में प्रतिवर्ष कल्पवास मेला लगता है। श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2012 में कल्पवास मेले को राजकीय मेले के रूप में घोषित किया गया है। सिमरिया घाट में वर्ष 2011 में अर्ध कुंभ एवं वर्ष 2017 में महाकुंभ के आयोजन के समय से ही इस स्थल के विकास की आवश्यकता महसूस होने लगी थी। 16 फरवरी 2023 को समाधान यात्रा के दौरान बेगूसराय जिले की समीक्षात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने सिमरिया धाम को विकसित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री द्वारा 30 मई 2023 को इस योजना का शिलान्यास किया गया था जिसका आज लोकार्पण किया गया।
इन कार्यों के पूर्ण होने से सिमरिया घाट को गंगा नदी के कटाव से पूर्ण रूपेण सुरक्षित किया जा सकेगा। इस स्थल के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्र का सामाजिक एवं आर्थिक विकास संभव होगा।
इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिंहा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन विभाग के पूर्व मंत्री संजय कुमार झा, राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा, विधायक राजकुमार सिंह, विधायक राम रतन सिंह, विधायक कुंदन सिंह, विधायक सुरेंद्र मेहता, जिला अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री मंजू वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव चंद्रशेखर सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक संजय कुमार, बेगूसराय के जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा और बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


