बेतिया/ बिहार 20 जनवरी।जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय ने आज जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बारी-बारी से सभी काउंटरों पर जाकर कर्मियों से जानकारी ली गयी तथा योजना का लाभ लेने वाले छात्र-छात्राओं से फीडबैक लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा डीआरसीसी के प्रबंधक एवं सभी सहायक प्रबंधकों के साथ योजनावार समीक्षा की गयी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने कार्यों का ससमय निष्पादन करें। जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र में आये आवेदक/सह आवेदक से कुशल व्यवहार करें एवं उनके कार्यों को तत्परतापूर्वक निष्पादन कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि डीआरसीसी में बच्चों को सही तरीके से परामर्श दें। उनकी बातों को गंभीरता से सुनें। डीआरसीसी के माध्यम से संचालित योजनाओं का ससमय लाभ बच्चों को मिले, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाय। किसी भी स्तर पर लापरवाही एवं कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
समीक्षा के क्रम में प्रबंधक, डीआरसीसी द्वारा बताया गया कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना अंतर्गत राज्य में जिले की रैंकिंग 19 वां, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना अंतर्गत 12 तथा कुशल युवा कार्यक्रम अंतर्गत राज्य में जिले में रैंकिंग 10 वां है।
बताया गया कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में निर्धारित लक्ष्य 2404 के विरूद्ध 2183 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य 5518 के विरूद्ध 2620 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति करें।
प्रबंधक द्वारा बताया गया कि कुशल युवा कार्यक्रम योजनान्तर्गत निर्धारित लक्ष्य 13750 के विरूद्ध 32136 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही निर्देश दिया कि इसके अंतर्गत और बेहतर प्रयास करने करने की आवश्यकता है ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों को लाभान्वित किया जा सके।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, रजनीकांत प्रवीण, प्रबंधक, डीआरसीसी, प्रेम प्रकाश दिवाकर, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, अनिल कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
