आरा/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 31दिसम्बर। वर्ष 2023 में भोजपुर पुलिस ने कई उपलब्धियाँ एवं कामयाबी हासिल की है। शराब बंदी एवं मद्य निषेध मे सफल करवाई, अभियुक्तों को सजा दिलाने, आर्म्स की बरामदगी, खनन क्षेत्र में रिकॉर्ड स्तर पर कार्रवाई, जमीनी विवाद के मामलों के निपटारे, चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी जैसे अनेक मामलों में भोजपुर पुलिस अव्वल रही। ऐसा संभव हो सका, तेज तर्रार भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में। एसपी प्रमोद कुमार यादव की कुशल नेतृत्व क्षमता ने पूरे भोजपुर पुलिस को मोटिवेट किया। जिसके परिणामस्वरुप भोजपुर पुलिस शीर्ष पर रही। शराबबंदी के विरुद्ध एवं मद्य निषेध के मामले में किए गए कार्य के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव को पुरस्कृत किया।

वर्ष 2023 में अभियोजन तथा पुलिस के आपसी समन्वय से पूरे बिहार में सबसे ज्यादा अभियुक्तों को सजा दिलाने में भोजपुर पुलिस नंबर एक पर रही।
अपराध शीर्ष में भी भोजपुर पुलिस ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की। जनवरी 2023 में आरा नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रोफेसर दंपति के डबल मर्डर हत्या का सफल उदभेदन एक सप्ताह के अंदर किया गया और कांड में संलिप्त अभियुक्तों को सबूत के साथ गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल की कार्रवाई की गई।
बखोरापुर बैंक लूट तथा शाहपुर के बिलौटी में बैंक लूट के प्रयास का उदभेदन कर सभी अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी की गई।
दुकानदार मनजी यादव के हत्या के अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।
पीरो क्षेत्र में पूर्व के कई लूट कांड के गिरोह का पर्दाफाश एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी की गई।
एस एल आर राइफल सहित अनेक मामलों में रिकॉर्ड स्तर पर आर्म्सों की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी की गई। वर्ष 2023 में भोजपुर जिला अंतर्गत 149 देशी आग्नेयास्त्र एवं 11 नियमित आग्नेयास्त्र सहित कुल 160 आग्नेयास्त्र, 873 जिंदा कारतूस, 72 खोखा, 11 मैगजीन बरामद किया गया और कुल 13,600 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
खनन क्षेत्र में रिकॉर्ड स्तर पर कार्रवाई की गई और सफलता मिली। भोजपुर जिला अंतर्गत वर्ष 2023 में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध 580 कांड प्रतिवेदित किए गए। इसमें 348 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अवैध खनन एवं परिवहन के मामले में 588 ट्रक, 26 हाईवा, 644 ट्रैक्टर, 53 पोकलेन, 5 जेसीबी, 90 नाव एवं 13 अन्य वाहन सहित कुल 1650 वाहन जप्त किए गए तथा जुर्माना के रूप में 6523.54 लाख रुपये की वसूली की गई।
शराब बंदी के विरुद्ध एवं मद्य निषेध के क्षेत्र में भोजपुर पुलिस द्वारा किए गए कार्रवाई एवं उपलब्धि का नतीजा रहा कि भोजपुर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा इस क्षेत्र में कार्रवाई के लिए पुरस्कृत किया गया। शराब बंदी के बाद वर्ष 2023 में रिकॉर्ड स्तर पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई। शराब मामले में वर्ष 2023 में 4517 कांड दर्ज किए गए। 5883 गिरफ्तारी की गई और 553 वाहन जप्त किए गए। 8 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई।50769.90 लीटर देशी शराब तथा 71753.13 लीटर विदेशी शराब सहित कुल 122523.03 लीटर शराब जप्त किया गया।
भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव द्वारा जनता से जुड़ने के लिए “समस्या आपकी समाधान हमारा” कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम के तहत भोजपुर एसपी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और फेसबुक लाइव से आम जनता की समस्याओं का निराकरण किया गया।
जमीनी विवाद को निपटाने हेतू “भू- समाधान जनता दरबार” में प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर थानाध्यक्ष एवं अंचलाधिकारी की अध्यक्षता में लोगों की समस्याओं का निराकरण किया गया।
वर्ष 2023 में संपन्न विभिन्न पर्व त्योहारों होली, शब-ए- बारात, रामनवमी, ईद-उल-फितर, बकरीद, मोहर्रम, चेहल्लुम, दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ आदि का भोजपुर पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक, शांति पूर्ण एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। साथ ही वीवीआईपी कार्यक्रम को भी सफलतापूर्वक एवं शांति पूर्वक संपन्न कराया गया।
भोजपुर जिला मुख्यालय आरा को और अधिक सुरक्षित करने, अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों पर बेहतर नियंत्रण हेतू भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव द्वारा सभी आवश्यक उपकरणों के साथ 5 जगह पर चेक पोस्ट की शुरुआत की गई। कुल्हड़िया टोल प्लाजा, धरहरा चांदी मो, जीरो माइल के पास धोबीघटवा, गांगी पुल के उत्तर एवं बामपाली के पास चेक पोस्ट का निर्माण किया गया।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत सैकड़ों आमजनों को उनके चोरी हुए मोबाइल को सुपुर्द किया गया। भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत वर्ष 2023 में कुल 175 मोबाइल धारकों को उनके चोरी हुए मोबाइल को सुपुर्द किया गया।

