
RKTV NEWS/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)21 सितंबर ।जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय परिसर से पोषण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा कुपोषण की रोकथाम के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के अंतर्गत 9वां राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” निर्धारित की गई है। पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र, परियोजना एवं जिला स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पोषण माह के दौरान निर्धारित पांच प्रमुख विषयों पर विशेष रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। इनमें आहार में विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं पका हुआ भोजन (HCM), सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए नकद अंतरण शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पोषण केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तक पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल से जुड़ी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया जाए।
पोषण जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, बच्चों के समुचित विकास, मातृ स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। पोषण संबंधी जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता एवं विभागीय समन्वय के माध्यम से जिले में स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण में प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
