बेतिया/बिहार 26 दिसंबर।जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय ने कहा कि गन्ना किसानों को चीनी मिलों द्वारा देय सभी सुविधाएं ससमय एवं पारदर्शी तरीके से मिले, इसे हर हाल में सुनिश्चित करना है। गन्ना किसानों के साथ भेदभाव नहीं हो, उनमें असंतोष नहीं फैले, उन्हें क्षति नहीं पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखना है। जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में चीनी मिल प्रबंधकों/महाप्रबंधकों को निर्देशित कर रहे थे।
उन्होंने निर्देश दिया कि गन्ना किसानों को समय पर भुगतान करना अत्यंत ही जरूरी है, इसे सुनिश्चित किया जाय। जिलाधिकारी द्वारा पेराई सत्र 2023-24 के ईंख मूल्य भुगतान की अद्यतन स्थिति पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही मझौलिया, लौरिया एवं नरकटियागंज के चीनी मिल प्रबंधकों को ईंख मूल्य के भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
गन्ना किसानों के बीच ससमय चालान के निर्गमन, विभिन्न प्रभेदों के गन्ना का समानुपातिक खरीद तथा ईंख तौल में शुद्धता बनाये रखने हेतु चीनी मिल के महाप्रबंधकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को जिलाधिकारी द्वारा निर्देश किया गया। जिलाधिकारी द्वारा घटतौली एवं बाह्य क्षेत्रों के गन्ना खरीद के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी क्रय केन्द्र से घटतौली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित किया जायेगा और सख्त कार्रवाई की जायेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी चीनी मिल प्रबंधन विभागीय दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन एवं नियमानुसार मिल का परिचालन सुनिश्चित करेंगे। चीनी मिलों के परिचालन के दौरान आने वाली शिकायतों एवं समस्याओं के संबंध में आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश मिल प्रबंधकों एवं अधिकारियों को दिया गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि गन्ना ढुलाई वाहन अगर रास्ते में खराब हो जाते हैं, तो ऐसी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करें ताकि आवागमन में बाधा उत्पन्न नहीं हो। साथ ही चीनी मिल के समीप सुचारू आवागमन की कारगर व्यवस्था भी की जाय। उड़ने वाले धूलकण की रोकथाम हेतु आवश्यकतानुसार पानी का छिड़काव भी कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षक, माप-तौल को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी गन्ना क्रय केन्द्र, धर्म कांटों की विधिवत जाँच कराना सुनिश्चित करेंगे। नियमित अंतराल में औचक जांच भी करायेंगे तथा गड़बड़ी पाये जाने पर नियमानुकूल कार्रवाई करेंगे।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार सहित सभी एसडीम, जिला परिवहन पदाधिकारी, ईंख पदाधिकारी बेतिया एवं रामनगर अंचल, जिले में कार्यरत चीनी मिलों के प्रबंधक/महाप्रबंधक आदि उपस्थित थे।
