रोहतास/ बिहार 02 अगस्त।आज लेशी सिंह, मंत्री खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार सासाराम में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक की गयी। जिसमें विधायक सासाराम विधान सभा क्षेत्र, जिला पदाधिकारी रोहतास, उप विकास आयुक्त रोहतास, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रोहतास, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम रोहतास, सभी प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी एवं सभी सहायक गोदाम प्रबंधक राज्य खाद्य निगम रोहतास के द्वारा भाग लिया गया।
उक्त बैठक में आपूर्ति विभाग एवं राज्य खाद्य निगम द्वारा क्रियान्वित सभी योजनाओं की समीक्षा की गयी। समीक्षा के क्रम में मंत्री द्वारा महत्वपूर्ण निदेश दिये गये, जो निम्नवत है:-
1. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान के उठाव – वितरण समीक्षा के क्रम में मंत्री द्वारा निदेश दिया गया कि प्रखण्ड चेनारी, शिवसागर एवं अन्य प्रखण्डों में खाद्यान का वितरण में प्रगति प्राप्त करना सुनिश्चित करें। इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि विगत छः माह का उठाव एवं वितरण की समीक्षा करते हुए अधिकतम प्राप्त उठाव एवं वितरण के प्रतिशत के आलोक में वितरण कराना सुनिश्चित करें।
2. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत SIO Generation & Dispatch की समीक्षा के क्रम में मंत्री द्वारा सभी प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारियों को निदेेश दिया गया कि जन वितरण प्रणाली दुकानों में अधिक खाद्यान्न की जाँच करने के उपरान्त ही आगामी माह में आवंटन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम रोहतास को निर्देश दिया गया कि SIo Generation & Dispatch का कार्य ससमय पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
3. किरासन तेल के उठाव एवं वितरण की समीक्षा के क्रम में मंत्री द्वारा सभी प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि सभी प्रखण्डों में किरासन तेल का उठाव एवं वितरण कराना सुनिश्चित करेंगे। इस हेतु सभी लाभुकों को किरासन तेल की दर में गिरावट के संबंध में सूचित करते हुए अपने स्तर से इसका अनुश्रवण करना सुनिश्चित करेंगे। जिला पदाधिकारी द्वारा अनुमण्डल पदाधिकारी डिहरी को निर्देश दिया गया कि प्रखण्ड नौहट्टा, रोहतास एवं तिलौथू में किरासन तेल का उठाव एवं वितरण कराना सुनिश्चित करेंगे।
4. राशन कार्ड हेतु प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के संबंध में सभी प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि लंबित सभी आवेदनों को अविलम्ब निष्पादित करना सुनिश्चित करेंगें। इस संबंध में सभी अनुमंडल पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि विशेष कैम्प के माध्यम से आवेदनों के निष्पादन में अपेक्षित प्रगति प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे।
5. आधार सीडिंग कैम्पेन एवं इसकी प्रगति की समीक्षा के क्रम में मंत्री द्वारा जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि 30.09.2023 के पूर्व जिलान्तर्गत सभी लाभुकों का शत-प्रतिशत आधार सीडिंग कराना सुनिश्चित करेंगे।
6. विधायक, सासाराम विधान सभा क्षेत्र के द्वारा खाद्यान्नों का उठाव करने वाले संवेदकों के द्वारा निर्धारित वजन से कम रहने से संबंधित शिकायत पर माननीया मंत्री द्वारा जिला प्रबंधक, बिहार राज्य खाद्य निगम रोहतास को निदेश दिया गया कि उक्त शिकायतों के संबंध में विशेष निगरानी रखते हुये अविलंब जांच कर संबंधित संवेदकों एवं कर्मियों के विरुद्ध समुचित कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
7. डूप्लीकेट राशन कार्ड, संदिग्ध राशन कार्ड, निष्क्रीय राशन कार्ड, मृत, विवाहित एवं पलायन किये गये लाभार्थियों के संबंध में मंत्री द्वारा सभी अनुमण्डल पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि वैसे लाभार्थियों को नोटिस तामिला कराते हुए राशन कार्ड एवं यूनिट को विलोपित करना सुनिश्चित करेंग।
8. डीलर मार्जिन मनी के भुगतान के संबंध में मंत्री द्वारा जिला प्रबंधक को निदेश दिया गया कि ससमय सभी विक्रेताओं को राशि का भुगतान करना सुनिश्चित करेंगे।
9. कोचस में गोदाम के पहुँच पथ पर विवाद के कारण गोदाम के क्रियान्वयन में कठिनाई के संबंध में अनुमण्डल पदाधिकारी सासाराम को निदेश दिया गया कि एक सप्ताह के अन्दर वस्तु स्थिति से अवगत होकर समस्या का निदान कराना सुनिश्चित करेंगे।
10. जिला प्रबंधक को निदेश दिया गया कि डोर स्टेप परिवहन अभिकर्ता के चयन हेतु रिक्त सभी स्थानों पर निविदा के माध्यम से चयनित करना सुनिश्चित करेंगे।
मंत्री द्वारा रोहतास जिले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अन्तर्गत कार्यो के क्रियान्वयन के संबंध में संतोष व्यक्त करते हुए सभी वंचित लाभुकों को चिन्हित कर राशन कार्ड उपलब्ध कराने, ससमय उठाव वितरण कराने, शतप्रतिशत आधार सीडिंग कराते हुए सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं से सभी पात्र लाभुकों को आच्छादित करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में सभी आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा मंत्री से राशन कार्ड के आवेदनों के निष्पादन हेतु उपस्कर, स्टेशनरी आदि क्रय हेतु विभाग से आवंटन प्रदान करने हेतु अनुरोध किया गया। साथ ही जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के ई-पॉस मशीन में रिजर्व बैट्री उपलब्ध कराने हेतु अनुरोध किया गया। जिला प्रबंधक द्वारा गोदामों में कार्यालय व्यय एवं उपस्कर के क्रय हेतु आवंटन प्रदान करने का अनुरोध किया गया।

