उज्जैन /भोपाल 31 जुलाई। सन्त शिरोमणि रविदास जन-जागरण यात्रा आज शाम को उज्जैन शहर में प्रवेश कर गई है। आज दिन में यात्रा नागदा के रूपेटा से होकर महिदपुर आई। रूपेटा में महिदपुर विधायक बहादुर सिंह चौहान ने जनसंवाद में भाग लिया। इसमें बड़ी संख्या में जनसमूह मौजूद था। ग्राम डेलची बुजुर्ग, बंजारी फंटा, रूद्रखेड़ा, महिदपुर में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा में ग्राम रूपेटा एवं डेलची बुजुर्ग में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर बैंड बाजे के साथ यात्रा निकाली। नदियों का जल संग्रहित किया गया एवं मिट्टी संग्रहण कार्य भी जारी है। जनसंवाद कार्यक्रम में भजन मण्डली द्वारा सन्त रविदासजी के भजन प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम में विधायक श्री बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि सन्त शिरोमणि के सन्देश सदैव सामाजिक समरसता एवं समाज के एकीकरण के लिये उपयोगी सिद्ध हुए हैं।
सन्त रविदास जन-जागरण यात्रा में लगभग 100 व्यक्ति यात्रा के साथ चल रहे हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न ग्रामों से मिट्टी संग्रहण किया जा रहा है व प्रत्येक तहसील की नदियों का जल संग्रहित कर एकत्रित किया जा रहा है। यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम वाले स्थानों पर रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
जनअभियान परिषद के सचिन शिंपी ने बताया कि सन्त शिरोमणि श्री रविदास मन्दिर निर्माण हेतु मिट्टी एवं जल का संग्रहण एवं जन-जागरण 19 दिवसीय अभियान 25 जुलाई से प्रारम्भ हो गया है, जो 12 अगस्त तक चलाया जायेगा। सन्त शिरोमणि रविदास जन-जागरण यात्रा के दौरान एक अगस्त को मौनी बाबा आश्रम से प्रात: 9 बजे शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकलेगी एवं खाकचौक पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद शोभायात्रा पीपली नाका, टॉवर, शहीद पार्क होते हुए मक्सी रोड के पंवासा रघुकुल गार्डन पहुंचेगी। यहां भी जनसंवाद के बाद यात्रा तराना तहसील के लिये रवाना होगी। 2 अगस्त को यात्रा तराना विधानसभा के ग्रामों से आगर जिले में प्रवेश करेगी। तत्पश्चात अन्य जिलों में यात्रा जायेगी।


