आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला आयोजित।
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड)28 जुलाई।नीति आयोग के मार्गदर्शन में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, डेटा आधारित प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने तथा विकास योजनाओं की सतत निगरानी एवं समीक्षा के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में *NITI TARA (Toolkit for Analysis, Review & Action)* विषय पर जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि NITI TARA नीति आयोग की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जो वास्तविक समय (Real-Time) के आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं की प्रगति की निगरानी, समीक्षा एवं साक्ष्य आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाती है।
उपायुक्त ने कहा कि NITI TARA प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के नियोजन, क्रियान्वयन, अनुश्रवण एवं परिणाम आधारित मूल्यांकन को नई दिशा और गति प्रदान की जा सकती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से कार्यशाला के दौरान दिए जा रहे प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली को अच्छी तरह समझने तथा इसका नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध आंकड़ों का निरंतर एवं व्यवस्थित विश्लेषण करते हुए विकास योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा आवश्यकता के अनुरूप समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं परिणामोन्मुख बनाने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ लक्षित लाभुकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी अधिकारियों एवं कर्मियों को NITI TARA प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के क्रम में रियल-टाइम डैशबोर्ड, योजना निर्माण एवं प्रबंधन उपकरण, एआई आधारित बैठक कार्यवृत्त (Meeting Minutes) तैयार करने की सुविधा, डेटा विश्लेषण, योजनाओं की समीक्षा एवं अनुश्रवण प्रणाली सहित प्लेटफॉर्म के विभिन्न मॉड्यूल के संचालन एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को डेटा के प्रभावी उपयोग के माध्यम से विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन करने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
कार्यशाला में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मझिआंव, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मझिआंव, NITI TARA के ट्रेनर दिलीप कुमार दुबे, असिस्टेंट ट्रेनर विश्वरूप मंडल सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

