RK TV News
खबरें
Breaking News

देवघर:राजकीय श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सख्त; सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से 25 जुलाई तक पूर्ण करने का निर्देश।

RKTV NEWS/देवघर ( झारखंड)11 जुलाई।राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ऐसे में सभी आवश्यक तैयारियों को आगामी 25 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई है। आगे उपायुक्त ने विभागों की बिन्दुवार समीक्षा के क्रम में संबंधित विभाग के अधिकारियों व कार्यपालक अभियंता को निदेशित किया कि मेला के दौरान श्रद्धालुओं के लिए अपने-अपने विभागों द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं को और भी बेहतर बनाने का हर संभव प्रयास करें, ताकि देवतुल्य श्रद्धालु बाबा नगरी से एक अच्छी अनुभूति लेकर अपने गंतव्य स्थान की प्रस्थान करें।

बाबा मंदिर प्रांगण और कांवरिया पथ से जुड़े कार्यों को ससमय करे पूर्ण

समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने बाबा मंदिर प्रांगण में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, रंगरोगन और नए फुटओवर ब्रिज के निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ ससमय पूरा करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, खिजुरिया से दुम्मा तक के कांवरिया पथ की समीक्षा करते हुए उन्होंने साफ-सफाई, अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र, पेड़ों की छंटाई, पर्याप्त शौचालय, निर्बाध पेयजलापूर्ति, स्नानगृह व विश्राम गृहों की मरम्मत और रंगरोगन सुनिश्चित करने को कहा। कांवरिया की सुगम पैदल यात्रा के लिए पूरे पथ पर बेहतर बालू बिछाने, बैठने की व्यवस्था और जगह-जगह सूचना सह सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। आगे उपायुक्त ने मेला अवधि के दौरान बरसात के मौसम को देखते हुए विशेष एहतियात बरतने को कहा है। उन्होंने जलभराव और जल-जमाव की स्थिति से निपटने के लिए ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने, विद्युत से जुड़े सभी कार्यों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने, श्रद्धालुओं के आवासन (ठहरने) की व्यवस्था और पार्किंग स्थलों को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया ताकि बारिश के कारण श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसके अलावा, मेला क्षेत्र के सभी पंडालों को अनिवार्य रूप से वॉटरप्रूफ और मजबूत बनाने को कहा गया है। इसके अलावा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र की सड़कों की त्वरित मरम्मत और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मेले में तैनात होने वाले पुलिस बल और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए सुरक्षित व व्यवस्थित आवासन की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की होगी सुदृढ़ व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सेहत की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के आवासन के साथ-साथ मेला क्षेत्र में जीवन रक्षक दवाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जगह-जगह स्वास्थ्य कैंप, अस्थाई अस्पताल, और हेल्थ कंट्रोल रूम सक्रिय रहेंगे। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीम (Disaster Management Team) चौबीसों घंटे मुस्तैद रहेगी और छोटे-बड़े एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था ससमय सुनिश्चित की जाएगी।

सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा का रखें ख्याल

समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने मेला से संबंधित सभी विभागों के कार्यशैली की बिंदुवार समीक्षा करते हुए बाबा मंदिर, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, परिहवन विभाग, भवन प्रमंडल विभाग, राष्ट्रीय उच्च पथ विभाग, आरसीडी, एनआरपी, विशेष प्रमंडल, विद्युत आपूर्ति, वर्क डिविजन, पथ निर्माण विभाग, नजारत, देवघर शहरी क्षेत्र में साजसज्जा का कार्य एवं सूचना जनसम्पर्क विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों को लेकर संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया, ताकि गुणवत्तापूर्ण तरीके से ससमय कार्यो को पूर्ण किया जा सके। आगे उपायुक्त ने संबंधित विभाग के सभी अधिकारियों को निदेशित किया गया कि आपसी समन्वय के साथ श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं हेतु कार्य करे, ताकि मेले की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रह जाय।

सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ हाईटेक होगा आईएमसीआर (IMCR)

उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों के जाल से कवर करने और उनकी चौबीसों घंटे लाइव निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही, इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम (IMCR) को पूरी तरह से सुव्यवस्थित और आधुनिक तकनीक से लैस करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तकनीक के माध्यम से भीड़ नियंत्रण (Crowd Management), संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और यातायात व्यवस्था को पल-पल मॉनिटर किया जाएगा ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

34 सूचना सह सहायता केंद्र और महिलाओं के लिए 10 मातृत्व विश्राम गृह रहेंगे चौबीसों घंटे एक्टिव

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को मेले की हर छोटी-बड़ी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए इस बार सूचना तंत्र को बेहद आधुनिक और व्यापक बनाने का निर्देश दिया गया। इसके तहत पूरे मेला क्षेत्र में 34 सूचना सह सहायता केंद्रों को हाईटेक रूप दिया जाएगा, जहाँ से प्रचार-प्रसार के साथ-साथ श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त, मीडिया सेंटर एवं महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की विशेष सुविधा को ध्यान में रखते हुए 10 मातृत्व विश्राम गृह बनाए जा रहे हैं, जो चौबीसों घंटे (24×7) पूरी तरह सक्रिय रहेंगे। साथ ही मेले को भक्तिमय और आध्यात्मिक रंग देने के लिए इस वर्ष 06 भव्य सांस्कृतिक मंच बनाए जा रहे हैं, जहाँ विभिन्न भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में 30 एलईडी (LED) स्क्रीन, शिवलोक परिसर में एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही लाइट एंड साउंड शो का आयोजन शिवगंगा व जलसार में आयोजित होगा। वही लेज़र शो का आयोजन टॉवर चौक व बाबा मंदिर में किया जाएगा, जहाँ तकनीक और आस्था के इस संगम से श्रद्धालुओं को एक अनूठा और दिव्य अनुभव प्राप्त होगा।

मेला क्षेत्र में होगी आधुनिक लाइटिंग और आकर्षक साज-सज्जा; विद्युत सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान

उपायुक्त ने राजकीय श्रावणी मेला को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में बेहतर साज-सज्जा और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था को बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि संपूर्ण मेला क्षेत्र रोशनी से सराबोर रहे ताकि रात के समय भी श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही, बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने विद्युत से जुड़े सभी कार्यों पर विशेष ध्यान देने और अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सख्त हिदायत दी है। बिजली के खुले तारों को दुरुस्त करने, ट्रांसफार्मर की सुरक्षा बढ़ाने और अर्थिंग आदि की पुख्ता जांच करने को कहा गया है ताकि शॉर्ट सर्किट या करंट लगने जैसी किसी भी अप्रिय घटना से पूरी तरह बचा जा सके।

बैठक में उपरोक्त के अलावे उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, गोपनीय प्रभारी मुकेश कुमार, अभियन्ता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, विद्युत संचरण प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, कार्यपालक अभियन्ता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, पथ एन०एच० प्रमंडल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीएमएफटी की टीम, नगर निगम की टीम, स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।

Related posts

कक्षा की दीवारों से बाहर शिक्षा: अनिवार्य उपस्थिति की वैचारिक पड़ताल।

rktvnews

उपराष्ट्रपति ने कहा, समुद्र वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए नए फ्रंर्टिअर के रूप में, उभर रहे हैं; एक प्रभावी नियामक व्यवस्था का आह्वान किया।

rktvnews

जिलाधिकारी ने रटौल में आयुष्मान कैंप का किया निरीक्षण।

rktvnews

पटना : बजट पर प्रतिक्रिया।

rktvnews

एक उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने बेलेम, ब्राजील में जी-20 की डीआरआरडब्ल्यूजी की मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लिया।

rktvnews

लोगों के समय पर नहीं आने की जानकारी मिलने पर सचिवालय का निरीक्षण किया : मुख्यमंत्री

rktvnews

Leave a Comment