कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा की पहल रंग लाई; जल्द मिलेगी एम्बुलेंस की सुविधा।
खैरागढ़/छग (रवींद्र पांडेय) 27 अप्रैल। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। विश्वविद्यालय को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदत्त 55 सीटर वातानुकूलित (एसी) बस को राज्यपाल रमेन डेका ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन से एसी बस एवं एम्बुलेंस की मांग की थी। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए शासन ने 55 सीटर एसी बस एवं एम्बुलेंस दोनों की स्वीकृति प्रदान की। स्वीकृति के उपरांत बस विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा दी गई है। एम्बुलेंस सुविधा भी शीघ्र ही उपलब्ध होने वाली है। बस के विश्वविद्यालय पहुंचते ही कुलपति ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने बस सुविधा मिलने पर खुशी जाहिर की और विश्वविद्यालय के लिए इसे बड़ी उपलब्धि बताया।
इस नई बस से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों एवं राज्य के बाहर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने जाने वाले छात्रों के लिए आवागमन अब अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगा। यह पहल न केवल विद्यार्थियों की यात्रा को सरल बनाएगी, बल्कि विश्वविद्यालय की गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी। इस अवसर पर सहायक कुलसचिव विजय सिंह, प्रभारी कुलपति सचिवालय सी.पी. गायकवाड़, सहायक प्राध्यापक डॉ. मंगलानंद झा, राजेंद्र सिंह, अमित सिंह, प्रखर सिंह सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

