
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)10 मार्च।09 मार्च 2026 की रात्रि में उपायुक्त के निर्देशानुसार सहायक समाहर्ता नाजिश उमर अंसारी द्वारा प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ फूलो–झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में कुछ स्थानों पर व्यवस्थागत कमियाँ देखी गईं। आपातकालीन सेवा, विभिन्न वार्डों तथा अन्य कक्षों में ड्यूटी रोस्टर के अनुरूप कर्मियों की आंशिक उपस्थिति पाई गई। कुछ स्थानों पर साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था में भी सुधार की आवश्यकता महसूस की गई।
शिशु कक्ष, आईसीयू तथा अन्य वार्डों के निरीक्षण के दौरान रात्रि पाली में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई। साथ ही अस्पताल के कुछ कक्षों में तकनीकी कर्मियों की कमी के कारण कुछ सेवाएँ प्रभावित होने की जानकारी प्राप्त हुई। निरीक्षण के उपरांत सहायक समाहर्ता, दुमका द्वारा अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि सभी वार्डों में ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों एवं कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक वार्ड के सूचना पट्ट पर संबंधित चिकित्सकों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने तथा मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा तकनीकी सेवाओं के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक कदम उठाने को कहा गया, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान जो चिकित्सक एवं सफाई कर्मी अपने कर्तव्य स्थल से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए, उनके दिनांक 09.03.2026 के वेतन को “नो वर्क नो पे” के आधार पर स्थगित करने की अनुशंसा की गई है।
