RK TV News
खबरें
Breaking News

नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 को लेकर उपायुक्त ने की व्यापक समीक्षा बैठक।

गढ़वा जिले के विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों ने लिया भाग, कार्यों से हुए अवगत।

डिस्पैच एवं रिसीविंग के समय शहर में बड़ी वाहनों के आवागमन बंद करने का निर्देश।

मतदान केंद्रों पर मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित।

RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड )20 फरवरी।नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज 20 फरवरी 2026 को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

नगर निकायवार तैयारियों की विस्तृत समीक्षा

बैठक के दौरान उपायुक्त ने तीनों नगर निकायों में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति, आधारभूत सुविधाओं (पेयजल, शौचालय, बिजली), मतदान कर्मियों के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, पोस्टल बैलेट, वाहन प्रबंधन तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली।
निर्वाचन कोषांग द्वारा अवगत कराया गया कि सभी आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है तथा पोलिंग पर्सनल को अग्रिम राशि उपलब्ध करा दी गई है। मतदान कर्मियों के लिए सभी आवश्यक एवं बुनियादी सुविधाओं की तैयारी पूर्ण कर ली गई है।

वाहन कोषांग की समीक्षा

वाहन कोषांग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मतदान दलों के सुरक्षित आवागमन हेतु पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था कर ली गई है। सभी वाहनों का सत्यापन एवं रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि डिस्पैच एवं रिसीविंग के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए पुलिस एवं परिवहन विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

कार्मिक कोषांग की तैयारी

कार्मिक कोषांग द्वारा जानकारी दी गई कि मतदान कर्मियों की नियुक्ति, रैंडमाइजेशन एवं ड्यूटी निर्धारण की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में मतदान केंद्रों पर कर्मियों की कमी नहीं होनी चाहिए तथा रिजर्व कर्मियों की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सामग्री कोषांग की व्यवस्था

सामग्री कोषांग द्वारा बताया गया कि मतपत्र, मतपेटिका, सील, फॉर्म, स्टेशनरी एवं अन्य निर्वाचन सामग्रियों की पैकेजिंग एवं वितरण की तैयारी पूर्ण है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी सामग्रियों की दोबारा चेकलिस्ट के आधार पर जांच की जाए ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।

व्यय लेखा कोषांग की निगरानी

व्यय लेखा कोषांग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय की नियमित एवं पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित की जाए। व्यय प्रेक्षक के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आदर्श आचार संहिता के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी व्यय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

प्रशिक्षण कोषांग की तैयारियाँ

प्रशिक्षण कोषांग द्वारा बताया गया कि मतदान कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा चूका है। मतपत्र संचालन, मतदान प्रक्रिया, मॉक पोल, सीलिंग एवं दस्तावेजीकरण की भी विस्तृत जानकारी दी जा चुकी है।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण सत्रों को व्यवहारिक एवं प्रभावी बनाया जाए ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

मतदान केंद्रों पर मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री यादव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान के दिन कोई भी मतदाता मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, कैमरा या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री लेकर नहीं जाएगा। यह पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

डिस्पैच एवं रिसीविंग के दौरान भारी वाहनों पर रोक

नगरपालिका चुनाव के मद्देनज़र उपायुक्त ने निर्देश दिया कि डिस्पैच (पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक) एवं रिसीविंग (सायं 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक) के दौरान गढ़वा शहर में बड़ी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इस अवधि में यातायात नियंत्रण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

समन्वय एवं निष्पक्षता पर विशेष जोर

उपायुक्त ने सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांति सर्वोपरि है। सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त-सह-नोडल पदाधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा, आर.ओ. गढ़वा नगर परिषद राज महेश्वरम, आर.ओ. मझिआंव संजय कुमार, आर.ओ. श्री बंशीधर नगर प्रभाकर मिर्धा, प्रशिक्षण कोषांग के सुशील कुमार राय, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग के रुद्र प्रताप, सामग्री कोषांग के रवीश राज, परिवहन कोषांग के धीरज प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा सहित विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Related posts

दुमका:बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसान 31 दिसंबर 2025 तक करा सकते हैं अपना पंजीकरण।

rktvnews

नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, लखनऊ में प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।

rktvnews

भोजपुर: जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित।

rktvnews

उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत भूमि, आकाश, समुद्र और अंतरिक्ष के क्षेत्र में ‘अग्रणी राष्ट्रों की पंक्ति’ में खड़ा है।

rktvnews

राष्ट्रपति ने गुरु नानक देव की जयंती की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

rktvnews

भारतीय राष्‍ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करके सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए आईआईआईटी दिल्ली के साथ समझौता-ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

rktvnews

Leave a Comment