RK TV News
खबरें
Breaking News

वैशाली:”आमजन से मिलने का कार्यक्रम” प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाए : जिलाधिकारी

RKTV NEWS/हाजीपुर ( वैशाली)18 जनवरी।जिला पदाधिकारी, वैशाली वर्षा सिंह की अध्यक्षता में “आमजन से मिलने का कार्यक्रम” को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक एवं स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए है।
जिलाधिकारी वैशाली द्वारा सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक सप्ताह के दो कार्यदिवस, सोमवार एवं शुक्रवार, को अपने-अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर नियत समय पर आम नागरिकों से मिलना सुनिश्चित करेंगे। आमजनों की शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुनते हुए उनका त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। यदि किसी अपरिहार्य कारणवश निर्धारित दिवस को संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं रह पाते हैं, तो उनके द्वारा प्राधिकृत सक्षम पदाधिकारी के माध्यम से आमजनों से मिलने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिन पदाधिकारियों के पास एक से अधिक विभाग अथवा कार्यालयों का प्रभार है, वे समय निर्धारण कर सभी कार्यालयों में उपस्थित होकर आमजनों से मिलना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी वैशाली द्वारा यह भी स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ, जैसे बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय आदि उपलब्ध कराई जाएँगी। प्राप्त शिकायतों का विधिवत पंजी संधारित किया जाएगा तथा शिकायतों का निरंतर अनुश्रवण करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा
यह भी निर्देशित किया गया कि सभी वरीय पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके अधीनस्थ पदाधिकारी उपर्युक्त निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन करें तथा प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उसकी जानकारी ससमय जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएँ।
जिला स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जिलाधिकारी द्वारा अपराह्न 12:00 बजे से 02:00 बजे तक आयोजित किए जाने वाले जनता दरबार में अनिवार्य रूप से ससमय उपस्थित रहेंगे। प्रभारी पदाधिकारी, जिला जन-शिकायत कोषांग, वैशाली को निर्देशित किया गया कि उक्त दोनों दिनों में जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का संग्रहण, पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई ससमय सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि मुख्य सचिव, बिहार, पटना द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़, संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाने के संबंध में विस्तृत निर्देशों सहित पत्र प्राप्त हुआ है। उक्त पत्र के माध्यम से बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को प्रभावी रूप से लागू करने पर विशेष बल दिया गया है। इस निश्चय का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इसी संकल्प के आलोक में आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु “आमजन से मिलने का कार्यक्रम” को प्रभावी रूप से लागू किया जाना है।
निर्देश दिया गया कि उपर्युक्त आदेशों का अनुपालन 19 जनवरी 26 से अनिवार्य रूप से प्रारंभ किया जाए। आमजन से मिलने के इस कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।

Related posts

भावी केरल के विकास का रोडमैप है वर्ष 2025-26 का बजट।

rktvnews

भोजपुर:”सहकारिता में सहकार” अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन।

rktvnews

कहां फंसी है महाराष्ट्र के चुनावी नतीजों की पेंच?

rktvnews

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन।

rktvnews

दैनिक पञ्चांग:03 नवंबर 23

rktvnews

चतरा:खराब पड़े चापानल का जल्द से जल्द कराएं मरम्मति: डीसी

rktvnews

Leave a Comment