
RKTV NEWS/जयपुर (राजस्थान)17 जनवरी। स्थानीय विष्णु मार्ग में विगत 10 दिनों से हुए सिविल ब्लॉक के कारण क्षेत्र के लोग काफी परेशान है। इस संबंध में वहां के मकान संख्या 3815 में रहने वाले प्रदीप मिश्रा ने उक्त सिविल ब्लॉक को लेकर चिंता जाहिर करते हुए इस संबंध में बताया है की जयपुर नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्वच्छता परियोजनाएँ चलाई जा रही हैं तथा आम नागरिकों से सफाई व्यवस्था के लिए विभिन्न प्रकार के कर भी वसूले जा रहे हैं। इसके बावजूद हमारे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था अत्यंत दयनीय स्थिति में है।
पिछले लगभग 10 दिनों से विष्णु मार्ग, मकान संख्या 3815 के सामने पूरी गली में सीवर/सिविल ब्लॉक की स्थिति बनी हुई है। सीवर लाइन का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी, दुर्गंध तथा स्वास्थ्य संबंधी खतरा उत्पन्न हो गया है। इस कारण आम नागरिकों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को अपने घरों से बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या के समाधान हेतु नगर निगम के संबंधित कर्मचारियों व अधिकारियों को कई बार फोन द्वारा अवगत कराया गया है। यह समस्या दो-तीन बार मौखिक रूप से लाई जा चुकी है, किंतु दुर्भाग्यवश अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और स्थिति यथावत बनी हुई है।
प्रदीप मिश्रा ने कर्मचारियों और अधिकारियों को दी गई सूचना के पश्चात भी उक्त समस्या के समाधान नहीं होने पर जनहित में चिंता जाहिर करते हुए स्वच्छता अभियान पर बड़ा सवाल खड़ा किया है साथ ही उन्होंने इस संबंध में तत्काल समाधान हेतु गुहार भी लगाई है।
