
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)07 जनवरी।श्रीसनातन शक्तिपीठ संस्थानम् द्वारा संचालित आध्यात्मिक सत्संग मंडल के तत्त्वावधान में महान् शिक्षाविद् प्रो उमाशंकर पाण्डेय जी की 90 वीं जयंती के अवसर पर महाराजा हाता में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता महंत श्रीरामकिंकर दास जी महाराज ने की। इस अवसर पर आरंभ में सुंदरकांड और श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ तथा पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। तत्पश्चात “वैश्विक अशांति के दौर में मानस-गीता का भारतीय समाधान” विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई जिसका उद्घाटन करते हुए प्रो बलिराज ठाकुर ने कहा कि भारतीय मनीषियों ने वर्तमान वैश्विक अव्यवस्था का पूर्वानुमान कर रामायण, महाभारत आदि के द्वारा शांति का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रो उमाशंकर पाण्डेय जी रसायन विज्ञान के प्रसिद्ध अध्यापक के रूप में जितने लोकप्रिय थे उतने ही साहित्य और अध्यात्म के मनीषी के रूप में। मुख्य वक्ता प्रो नन्दजी दूबे ने कहा कि सच्ची शिक्षा और अच्छी शिक्षा ही विश्व का उत्कर्ष करती है।मानस और गीता की शिक्षा विश्व कल्याण के लिए संबल है। साहित्यकार और पूर्व पुलिस अधिकारी के सी दूबे ने कहा कि मानस और गीता की शिक्षा को जीवन में उतारनेवाले और अपने शिष्यों को आत्मसात करा देनेवाले थे गुरुदेव उमाशंकर पाण्डेय जी। उन्होंने कहा कि वह आरा का स्वर्णयुग था जब सरस्वती के मानसपुत्रों से मां अरण्य का आंगन जगमग रहता था। अध्यक्षीय उद्बोधन में महंत श्रीरामकिंकर दास जी महाराज ने कहा कि मानस और गीता के आश्रित लोगों के जीवन में कभी हताशा-दुराशा और अशांति नहीं रहती।प्रो उमाशंकर पाण्डेय जी के बहुआयामी व्यक्तित्व में श्रीरामोपासना की निष्ठा सर्वोपरि थी।वे न केवल अपने विद्यार्थियों बल्कि संपर्क में आने वाले सभी लोगों को सदाचार और अध्यात्म की प्रेरणा देते थे। संस्थान के सचिव डॉ जितेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रो उमाशंकर पाण्डेय जी की प्रेरणा को जीवंत रखने के लिए विज्ञान और संस्कृत के दस-दस छात्रों को प्रतिवर्ष प्रोत्साहित करने तथा विद्यालय स्तर के छात्रों में गीता और रामायण का अभ्यास कराने की योजना बनाई गई है। स्वागत भाषण शिवदास सिंह, संचालन मधेश्वर नाथ पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन आचार्य डॉ भारतभूषण पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर डॉ सत्यनारायण उपाध्याय, शिवजी तिवारी, ब्रह्मेश्वर दसौंधी,कवि जनार्दन मिश्र, श्रीप्रकाश ओझा, डॉ किरण कुमारी, अभय शंकर चौबे, रामप्रकाश पाण्डेय, महेंद्र पांडेय,राजेश चौबे, ब्रजकिशोर पांडेय,जगदीप नारायण ओझा,निलेश कुमार मिश्र, शिवराज शरण,अजय कुमार मिश्र सहित तमाम गण्यमान्य लोगों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
