
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)04 जनवरी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजनों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दुमका बस पड़ाव में ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की सघन जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई।
अभियान के क्रम में बस पड़ाव से संचालित होने वाली बसों में सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता स्टिकर लगाए गए। इन स्टिकरों के माध्यम से यात्रियों एवं चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार द्वारा बस चालकों, कंडक्टरों एवं आम यात्रियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई और सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन करने की अपील की गई। अभियान के दौरान लोगों को यह भी बताया गया कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के जागरूकता एवं जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
