गोबर गैस प्लांट का संचालन सुनिश्चित करने एवं योजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने का दिया निर्देश।
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)03 नवंबर।उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान द्वारा रानीश्वर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत में निर्मित गोबर गैस प्लांट का निरीक्षण किया गया। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत गोविंदपुर गांव में गोवर्धन योजना अंतर्गत गोबर गैस प्लांट का निर्माण किया गया है। इसके तहत कुल 15 घरों में गैस संयोजन भी किया गया है, लेकिन लाभुक समिति द्वारा प्लांट का विधिवत संचालन नहीं किया जा रहा था। उप विकास आयुक्त ने गोबर गैस प्लांट के साथ-साथ घरों में किए गए गैस संयोजन का भी निरीक्षण किया तथा लाभुक समिति एवं लाभुकों से बातचीत कर प्लांट को नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के संबंध में विचार-विमर्श किया।
जलमीनार एवं पाइपलाइन की गुणवत्ता की जांच
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत पूर्ण एवं चालू जलमीनार का भी निरीक्षण किया गया। इस क्रम में योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन एवं अन्य कार्यों की गुणवत्ता की जांच की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पेयजल योजनाओं का समुचित संचालन एवं रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
पंचायत सचिवालय में अभिलेखों एवं सुविधाओं का निरीक्षण
उप विकास आयुक्त द्वारा गोविंदपुर पंचायत सचिवालय का निरीक्षण कर 15वें वित्त आयोग के तहत कैश बुक एवं पंचायत सुदृढ़ीकरण कैश बुक के साथ-साथ मनरेगा के अभिलेखों की जांच की गई। पंचायत सचिवालय में संचालित पुस्तकालय एवं पंचायत परिसर स्थित शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। अभिलेखों के संधारण एवं उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए डिजिटल क्रॉप सर्वे से संबंधित कार्यों की समीक्षा प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, रानीश्वर से की गई।
प्लास्टिक कचरा प्रबंधन एवं विद्यालय की व्यवस्था का लिया जायजा
इसके अतिरिक्त रानीश्वर प्रखंड अंतर्गत पथरा पंचायत में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के लिए चिह्नित पुराने भवन का निरीक्षण किया गया। साथ ही +2 उच्च विद्यालय रघुनाथपुर, रानीश्वर का निरीक्षण कर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों तथा विद्यालय की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई।
उक्त निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, रानीश्वर राजेश कुमार सिन्हा, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, दुमका, मुखिया गोविंदपुर, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, प्रखंड समन्वयक एसबीएम, कनीय अभियंता पेयजल विभाग सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

